पश्चिम बंगाल में इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में सत्ता में आने के बाद बीजेपी पहली बार किसी चुनावी परीक्षा से गुजर रही है। इस बीच विपक्ष के सामने दो अहम सीटों- नंदीग्राम और रेजीनगर पर मुश्किलें बढ़ गई हैं। उम्मीदवारों के नाम वापस लेने, गिरफ्तारियों और विपक्षी कार्यकर्ताओं पर पुलिस दबाव के आरोपों के बीच इन दोनों सीटों पर मुकाबला चुनौतीपूर्ण हो गया है।

दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं। हालिया घटनाक्रम के बाद विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि उनके उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्ष चुनाव से पहले अपनी कमजोर स्थिति को छिपाने के लिए इस तरह के बहाने बना रहा है।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने विपक्ष पर तंज कसते हुए उसे सावधान भी किया। उन्होंने कहा, ”जिसे मुख्य विपक्षी पार्टी कहा जा रहा है, उसका कोई नाम ही नहीं है… नंदीग्राम के उनके उम्मीदवार ने सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा की और मुख्यमंत्री से मुलाकात की जबकि उनकी अपनी पार्टी को इसकी जानकारी तक नहीं थी। यह दिखता है कि विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं है। लोकतंत्र के लिए यह अच्छी स्थिति नहीं है।”

नंदीग्राम का पेच

नंदीग्राम में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) गुट की उम्मीदवार संचिता डे प्रधान ने चुनाव मैदान से अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने का ऐलान किया। हालांकि इसके कुछ ही घंटों बाद 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े मामलों में मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया।

नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव की जरूरत तब पड़ी जब अधिकारी ने भबानीपुर सीट बरकरार रखने के लिए नंदीग्राम के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। भवानीपुर में उन्होंने ममता बनर्जी को हराया था।

ममता गुट के TMC प्रवक्ता प्रदीप्त मुखर्जी ने इस घटनाक्रम को विपक्ष की आवाज दबाने की बीजेपी की ‘फासीवादी प्रवृत्ति’ करार दिया। उन्होंने कहा, ”बीजेपी के पास जनता का जनादेश है लेकिन अब वह विपक्ष को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है।”

रेजीनगर में भी पुलिस दबाव का आरोप

वहीं रेजीनगर में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर पुलिस द्वारा परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। कबीर के इस्तीफे के कारण ही इस सीट पर उपचुनाव की नौबत आई है। उनके बेटे गुलाम नबी आजाद यहां AJUP के उम्मीदवार हैं।

सोमवार को बहरमपुर थाने में पूछताछ के लिए पेश हुए। इसके बाद कबीर ने द इंडियन एक्सप्रेस से फोन पर कहा कि उन्होंने अब जमीन पर प्रचार करने की बजाय सोशल मीडिया के जरिए अभियान चलाने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा, ”यह बिल्कुल साफ है। पुलिस मुझे और मेरी पार्टी के कार्यकर्ताओं को परेशान करने की कोशिश कर रही है। अपने कार्यकर्ताओं की आगे की गिरफ्तारी और उत्पीड़न को रोकने के लिए मैंने जमीन पर प्रचार नहीं करने का फैसला किया है। मैं अपने बेटे को भी प्रचार नहीं करने दूंगा जो कि उम्मीदवार है। इसके बजाय मैं सोशल मीडिया का इस्तेमाल करूंगा। लेकिन मैं झुकूंगा नहीं।”

बता दें कि रेजीनगर सीट तब खाली हुई जब कबीर ने नौदा विधानसभा सीट बरकरार रखने के लिए रेजीनगर के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। कबीर TMC के पूर्व विधायक हैं। उन्होंने चुनाव से पहले पार्टी छोड़कर AJUP का गठन किया था।

कबीर उस समय भी विवादों में आए थे जब उन्होंने मुर्शिदाबाद में अपने बताए अनुसार बाबरी मस्जिद की प्रतिकृति बनाने की योजना शुरू की थी।

कबीर से पूछताछ क्यों हुई?

पुलिस ने कबीर से पूछताछ एक वायरल ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद की। इस ऑडियो में कथित तौर पर दो लोगों को मुशिर्दाबाद में बनाई जा रही बाबरी मस्जिद की प्रतिकृति के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे बंद करने और वहां बीजेपी के झंडे लगाने कीयोजना पर चर्चा करते हुए सुना जा सकता है। आरोप है कि ऐसा सांप्रदायिक तनाव भड़काने के इरदे से किया जाना था।

पुलिस के मुताबिक, रिकॉर्डिंग में एक आवाज सरफराज नवाज चौधरी की है। नौदा के तुंगी गांव के रहने वाले चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांचकर्ताओं का मानना है कि दूसरी आवाज मुर्शिदाबाद के एक राजनीतिक नेता की है। पुलिस ने चौधरी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर कबीर को नोटिस जारी किया था।

पिछले कुछ दिनों में AJUP से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है। 20 सितंबर को पार्टी के चार वरिष्ठ पदाधिकारियों- मंजूर रहमान, नसीम शेख, हक मल्लिक और अब्दुल हलीम को पुराने मामलों में गिरफ्तार किया गया।

इससे एक दिन पहले 19 सितंबर को निर्दलीय उम्मीदवार सैफुल इस्लाम को 2021 के चुनावी हिंसा से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। वहीं 18 सितंबर को AJUP के प्रदेश सचिव आशिक इकबाल को कथित तौर पर जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया।

कबीर ने आरोप लगाया है कि बीजेपी और रिताब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला अलग हुआ तृणमूल कांग्रेस गुट, डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस, मिलकर AJUP के कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं। उनका आरोप है कि दोनों स्थानीय पुलिस को पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम उपलब्ध करा रहे हैं।

ममता के सामने रेजीनगर में भी चुनौती

रेजीनगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर भी उम्मीदवार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। पार्टी के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने शुरुआत में चुनाव मैदान से हटने का ऐलान किया था। उन्होंने इसके पीछे पार्टी के भीतर की परेशानियों और पार्टी के नए ‘फुटबॉलर’ चुनाव चिन्ह को लेकर अपनी चिंता को वजह बताया था। हालांकि ममता बनर्जी और पार्टी नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया और अब वह चुनाव मैदान में हैं।

कांग्रेस ने मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफ़ी को उम्मीदवार बनाया है जबकि बीजेपी ने सखारव सरकार को मैदान में उतारा है। राज्य मंत्री गौरी शंकर घोष को इस विधानसभा क्षेत्र का बीजेपी चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।

सखारव सरकार ने कहा कि बीजेपी का चुनाव प्रचार विकास और रोजगार के मुद्दे पर केंद्रित है। उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ”मैं प्रचार कर रहा हूं। मैं इलाके में अच्छी इंडस्ट्री और फैक्ट्रियां लगाने की बात कर रहा हूं। यहां एक कॉलेज की जरूरत है। एक अच्छा पुल होना चाहिए। जनता के सामने हमारा मुद्दा विकास और रोजगार है। जो लोग हमारा विरोध कर रहे हैं, वे धर्म का कार्ड खेल रहे हैं।”

वहीं गौरी शंकर घोष ने कबीर के आरोपों को खारिज करते हुए रेजीनगर में बीजेपी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, ”उन्हें (कबीर को) पता है कि वह हार जाएंगे। अब वह इस तरह के बहाने बना रहे हैं। रेजीनगर में बीजेपी जीतेगी।”

रेजीनगर उपचुनाव में खास महत्व रखता है। यहां करीब 65 फीसदी मतदाता मुस्लिम हैं। अधिकरी ने इस मुकाबले को इस बात की ‘परीक्षा’ बताया है कि अल्पसंख्यक मतदाता सरकार के विकास के एजेंडे का समर्थन करना चाहते हैं या नहीं। उनके इस बयान की विपक्षी दलों ने आलोचना की है।

दोनों विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।