Bengal Babri Masjid Controversy: पश्चिम बंगाल की राजनीति में मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बन रही निर्माणाधीन बाबरी मस्जिद को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता ही जा रहा है। अब इस मुद्दे पर विधानसभा में नेता विपक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ विधायक शुभेंदु अधिकारी ने हुमायूं कबीर पर बड़ा आरोप लगाते हुए एक सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने कहा कि इस मस्जिद के निर्माण के लिए आधी धनराशि (50 प्रतिशत) बांग्लादेश से आई है।
दरअसल, बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में मंगलवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान टीएमसी ने निष्कासन के बाद नई जनता उन्नयन पार्टी (JUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर पर निशाना साध है। उनके आरोपों के केंद्र में बाबरी मस्जिद है, जिसकी नींव 6 दिसंबर, 2025 को हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में रखी थी, जिसके चलते पूरे बंगाल में इस समय बाबरी मस्जिद की खूब चर्चा है।
शुभेंदु अधिकारी ने क्या लगाए आरोप?
बाबरी मस्जिद को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि हुमायूं कबीर पिछले साल 28 सितंबर को एक सप्ताह के लिए बांग्लादेश गए थे, जहां उन्होंने मस्जिद के लिए फंड जुटाया था। बीजेपी नेता ने कबीर पर आरोप लगाया है कि यह पैसा ‘जमात’ जैसे कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े दाताओं से मिला है।
टीएमसी पर भी साधा निशाना
हुमायूं कबीर के बांग्लादेश कनेक्शन का दावा करने के साथ ही शुभेंदु अधिकारी ने इस बाबर मस्जिद विवाद में टीएमसी को भी घसीट लिया। उन्होंने हुमायूं कबीर को “जमात और टीएमसी के बीच की कड़ी” बताते हुए कहा कि वह ममता बनर्जी के खिलाफ अल्पसंख्यकों में बन रहे गुस्से को दबाने के लिए गुपचुप तरीके से सत्ताधारी दल की मदद कर रहे हैं।शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि सीमा के दोनों ओर इस्लामी कट्टरपंथियों का मजबूत होना बंगाली हिंदुओं के लिए चिंता का विषय है।
शुभेंदु अधिकारी पर हुमायूं कबीर ने किया पलटवार
अपने ऊपर शुभेंदु अधिकारी द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए हुमायूं कबीर ने शुभेंदु अधिकारी के दावों को “बेतुका” और “नीच” करार दिया। हुमायूं कबीर ने कहा कि मस्जिद के लिए चंदा पूरे भारत के लोगों ने दिया है और सारा हिसाब-किताब एक खुली किताब की तरह पारदर्शी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह बांग्लादेश अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलने गए थे। उन्होंने चुनौती दी कि शुभेंदु चाहें तो वह अपनी पूरी यात्रा का ब्यौरा उन्हें भेज सकते हैं।
इतना ही नहीं, हुमायूं कबीर ने मांग की कि शुभेंदु अधिकारी को इन आरोपों की CBI (सीबीआई) या ED (प्रवर्तन निदेशालय) से जांच करानी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
क्या है बाबरी मस्जिद का पूरा विवाद?
अब सवाल उठता है कि आखिर बाबरी मस्जिद का विवाद क्या है तो बता दें कि मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बन रही इस मस्जिद को हुमायूं कबीर ने “बाबरी मस्जिद की तर्ज पर” बनाने का ऐलान किया है। पिछले साल 6 दिसंबर (बाबरी विध्वंस की बरसी) पर इसकी नींव रखी गई थी। टीएमसी ने कबीर की सांप्रदायिक बयानबाजी और इस परियोजना से खुद को अलग करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। वर्तमान में यह मामला बंगाल की राजनीति में ध्रुवीकरण का केंद्र बना हुआ है, जिसको लेकर हुमायूं कबीर को कई मुस्लिम संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: ‘मुर्शिदाबाद की धरती पर तमाशा करने की कोशिश मत करना’, हुमायूं कबीर और पूर्व बीजेपी सांसद के बीच जुबानी जंग

मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरू हो चुका है। इसे लेकर काफी राजनीतिक तनाव पैदा हो गया है। बीजेपी नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने बाबरी मस्जिद को गिराने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, “मस्जिद बनाने में कोई समस्या नहीं है। लेकिन अगर बाबरी के नाम पर मस्जिद बनाई गई, तो मैं उसे गिरा दूंगा।” इस पर अब हुमायूं कबीर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। क्लिक करके पढ़ें पूरी खबर…
