तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश का आरोप लगाया है। टीएमसी सांसद डोला सेन ने कालीघाट पुलिस स्टेशन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के सेक्शन 173 के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए एक शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक, यह घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे हुई। इसमें महिला की पहचान तनिष्ठा साहा के तौर पर हुई, जो कथित तौर पर एक सिविक वॉलंटियर और ड्रग एडिक्ट थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी गुस्से में और नशे की हालत में आई, गालियां दीं और ममता बनर्जी के पास चाकू लेकर जाने की कोशिश की। इसमें आगे आरोप लगाया गया कि महिला ने खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया और सड़क पर उन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की।
यह BJP की साजिश- साकेत गोखले
टीएमसी ने दावा किया कि यह BJP की साजिश हो सकती है। TMC सांसद साकेत गोखले ने आरोप लगाया कि एक ड्रग एडिक्ट ममता बनर्जी के घर पहुंची और उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री (जिनके पास Z+ कैटेगरी की सिक्योरिटी है) की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया।
साकेत गोखले ने कहा कि एक ड्रग एडिक्ट आज ममता बनर्जी के घर पहुंची और उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि बंगाल में यह हालत है जहां Z+ प्रोटेक्टेड और 3 बार की सीएम भी सुरक्षित नहीं है।साकेत गोखले ने कहा, “क्या यह BJP की सोची-समझी साज़िश थी क्योंकि दीदी दिल्ली में उन्हें खत्म करने पर तुली हुई हैं? शिकायत दर्ज कर ली गई है। क्या पुलिस कार्रवाई करेगी या अमित शाह ने इसकी इजाजत दी थी?”
TMC विधायक कुणाल घोष ने कहा, “ममता दी चल रही थीं तभी यह महिला उनके सामने गिर पड़ी और उन्हें गाली देने लगी। उसके पास चाकू भी था और उसने ममता दी के पैर पर वार करने की कोशिश की। यह सब पहले से सोची-समझी साजिश लगती है।”
सोमवार को दिल्ली से लौटी हैं ममता बनर्जी
ममता बनर्जी इंडिया ब्लॉक के सदस्यों से मिलने और एसआईआर प्रक्रिया के विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने के बाद कल रात दिल्ली से लौटी थीं। उन्होंने एसआईआर के विरोध में राजाबाजार से पार्क सर्कस तक रैली का आह्वान किया था, लेकिन वह स्वयं उस मार्च में शामिल नहीं हुईं जिसमें पार्टी के अन्य नेता भाग ले रहे थे।
यह भी पढ़ें: नंदीग्राम से रेजीनगर तक बीजेपी का दबदबा, क्या पश्चिम बंगाल में मुस्लिम वोटरों ने दिया भाजपा का साथ?
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। नंदीग्राम में उसने रिकॉर्ड जीत दर्ज की। इस जीत से पश्चिम बंगाल की राजनीति में उसका दबदबा साबित हुआ है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
