देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में केरल सरकार के आधिकारिक गेस्ट हाउस ‘केरल हाउस’ के सामने हाल ही में एक अजीब सी समस्या आ गई। पिछले हफ्ते, केरल के नए राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर अपने आधिकारिक शपथ ग्रहण से पहले नई दिल्ली आए। इस दौरान केरल हाउस के कर्मचारियों ने देखा कि राज्यपाल के लिए तय कमरे में रखा बेड उनकी लंबाई के हिसाब से छोटा था।
लगभग छह फीट लंबे माथुर के लिए, फुटबोर्ड (बेड के निचले हिस्से में लगा बोर्ड) वाले उस बिस्तर पर आराम से सोना संभव नहीं था। कोई दूसरा इंतजाम करने का समय नहीं था, इसलिए केरल हाउस के कर्मचारियों ने सिक्किम के स्टेट गेस्ट हाउस से संपर्क किया, जहां माथुर दो साल तक राज्यपाल रह चुके थे। सिक्किम गेस्ट हाउस के अधिकारी राज्यपाल के लिए बने बेड को देने के लिए मान गए और केरल हाउस ने तुरंत अपने राज्यपाल के कमरे में लगा बेड बदल दिया।
कौन हैं ओम प्रकाश माथुर?
ओम प्रकाश माथुर का जन्म 2 जनवरी, 1952 को राजस्थान के पाली में हुआ था। राजस्थान यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद, वे आरएसएस प्रचारक बन गए। उन्होंने कई सालों तक आरएसएस प्रचारक के तौर पर काम किया। उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग गांवों और ग्रामीण इलाकों में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया। बाद में उन्हें बीजेपी में शामिल कर लिया गया।
राज्यपाल के नए आदेश पर बढ़ा विवाद?
केरल के नए राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर के लोक भवन की रसोई को पूरी तरह शाकाहारी बनाने के कथित फैसले ने एक राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी दल सीपीआईएम ने उन पर ‘संघ परिवार’ का एजेंडा आगे बढ़ाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह फैसला कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ गया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल रहे माथुर ने निर्देश दिया है कि लोक भवन की रसोई में मांसाहारी भोजन न तो पकाया जाए और न ही परोसा जाए। एआईसीसी महासचिव वेणुगोपाल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि यह फैसला राज्यपाल की निजी खान-पान की पसंद से कहीं आगे जाता है और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उल्लंघन करता है।
वेणुगोपाल ने कहा कि एक तटीय राज्य होने के नाते केरल में खान-पान की विविध संस्कृति है और यहां मछली की प्रचुरता है। उन्होंने कहा कि लोगों को शाकाहारी और मांसाहारी भोजन में से चुनने की पूरी आजादी है।
यह भी पढ़ें: आखिर क्यों होती है राज्यपाल और सरकारों में लड़ाई, देश का संविधान क्या कहता है?
राज्यपालों की भूमिका एक बार फिर चर्चा में है। केवल कुछ दिनों में ही केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में राज्य सरकारों और राज्यपालों के बीच विवाद खड़ा हो गया। ताजा विवाद कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत से जुड़ा है, जिन्होंने 22 जनवरी को राज्य विधानसभा के संयुक्त सत्र को तीन पंक्तियों में संबोधित किया और राज्य सरकार का दिया भाषण पूरा नहीं पढ़ा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
