पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे बब्बर खालसा के आतंकी जगतार सिंह हवारा को पंजाब शिफ्ट करना हाई रिस्क हो सकता है। यह जवाब खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो ने सुप्रीम कोर्ट को दिया है। बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हवारा को पंजाब शिफ्ट किए जाने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार को निर्देश दिया कि वह इस मामले में IB से सलाह ले।

अपने जवाब में खुफिया एजेंसी ने कहा है कि जगतार सिंह हवारा को दिल्ली से पंजाब शिफ्ट करने से राज्य में आने वाले चुनावों पर असर पड़ेगा। IB ने टॉप कोर्ट को यह भी बताया कि हवारा हाई-रिस्क कैटेगरी में आता है और उसे पंजाब ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है।

‘आईबी से जो रिपोर्ट आई वह खराब है’

जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने कहा कि इस मामले में IB की जो रिपोर्ट आई है वह बहुत ही ज्यादा खराब है। उन्होंने कहा कि यह एक संवेदनशील मामला हैं और वह राज्य सरकार की सलाह के खिलाफ जाने की स्थिति में नहीं है। दिल्ली सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि हवारा जेल तोड़कर फरार होने की घटना में शामिल था और इस हत्याकांड के मामले में उसकी मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया था।

हवारा ने क्या मांग की है याचिका में?

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने हवारा की याचिका पर केंद्र सरकार, चंडीगढ़ प्रशासन और दिल्ली व पंजाब सरकारों को नोटिस जारी किया था। अदालत ने दिल्ली सरकार को इस मामले में IB से सुरक्षा संबंधी इनपुट लेने का निर्देश दिया था। बता दें कि हवारा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर यह मांग की थी कि वह पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले का निवासी है और उसकी फैमिली वहीं रहती है।

अब अगली सुनवाई में मांग पर होगा विचार

याचिका में यह भी तर्क दिया गया है कि कई साल पहले उसे हाई-रिस्क कैदी घोषित किया गया था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में उसे दिल्ली की जेल में रखने का कोई ठोस आधार नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल IB और सरकारों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए मामले की सुनवाई फरवरी 2027 तक टाल दी है। अब अदालत में अगली सुनवाई के दौरान हवारा के जेल ट्रांसफर की मांग पर आगे विचार किया जाएगा।

बेअंत सिंह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा हवारा

बता दें कि जगतार सिंह हवारा प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा से जुड़ा रहा है। उसे 31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय के एंट्री गेट पर हुए बम धमाके में तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह और 16 अन्य लोगों की मौत हो गई थी। इसी मामले में हवारा को दोषी ठहराया गया था। मार्च 2007 में ट्रायल कोर्ट ने हवारा को मौत की सजा सुनाई थी। अक्टूबर 2010 में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने उसकी सजा को उम्रकैद में बदल दिया और निर्देश दिया कि उसे शेष जीवन जेल में बिताना होगा।

यह भी पढ़ें: पंजाब: 50 हजार से ज्यादा ड्रग केस पेंडिंग, भगवंत मान कैबिनेट ने 35 स्पेशल NDPS कोर्ट को दी मंजूरी

पंजाब मंत्रिमंडल ने शनिवार को नशे से संबंधित मामलों के निपटारे में तेजी लाने और अदालतों में लगातार बढ़ रहे मामलों के बोझ को कम करने के लिए 35 विशेष एनडीपीएस (NDPS) अदालतों की स्थापना को मंजूरी दे दी। यह फैसला मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया। यहां पढ़ें पूरी खबर…