केंद्र सरकार ने BAT-BMS, Lossigy, and Epoch-i-ion ऐप्स को हटाने का निर्देश दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा सूत्रों के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार, इन ऐप्स का इस्तेमाल कथित तौर पर बैटरी से चलने वाले वाहनों को रोकने के लिए किया जा रहा है।

सरकार ने आदेश दिया है कि ऐसे किसी भी अन्य ऐप को भी ब्लॉक कर दिया जाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय  के सचिव एस. कृष्णन ने शुक्रवार को कहा कि कल ऐसे ऐप सामने आए थे, जिनका संबंध ई-रिक्शा से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले से था। इन्हें अब ऐप स्टोर से हटा दिए गए हैं। ऐप स्टोरों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि नुकसान पहुंचाने वाले ऐप लोगों तक न पहुंचें।

केंद्र सरकार द्वारा यह आदेश कुछ वीडियो सामने आने के बाद लिया गया है, जिनमें दिखाया गया था कि चीनी स्मार्टफोन ऐप ‘बैट-बीएमएस’ के ‘रिमोट शटडाउन’ फीचर के जरिये ई-रिक्शा को दूर से बंद किया जा सकता है

ड्राइवरों का कहना है कि ई-रिक्शा में यह दिक्कत पहले से थी, लेकिन हाल के दिनों में यह समस्या ज्यादा बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में लोग चलते हुए ई-रिक्शा के पास जाकर मोबाइल ऐप से उसे बीच रास्ते में ही बंद करते हुए दिखाई दिए।

ई-रिक्शा चालकों ने क्या बताया?

भोपाल में ई-रिक्शा चलाने वाले एक व्यक्ति ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि दो-तीन दिन पहले हमें इस स्कैम के बारे में पता चला। पहले हमें लगता था कि रिक्शा में कोई फॉल्ट आ गया है इसलिए हम मैकेनिक के पास जाते थे और चेक करने के लिए बोलते थे लेकिन वो कहते थे कि वाहन में कई दिक्कत नहीं है।

इससे पहले न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में अमान सिद्दीकी ने एक-रिक्शा ड्राइवर का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, “मैंने एक आदमी को अपनी रिक्शा को दूसरी रिक्शा से बांधते हुए देखा, ताकि उसे आगे ले जा सके। मुझे शक हुआ कि इसके पीछे ऐप हो सकती है। मैं अपनी गाड़ी उसके पीछे ले गया और अपने ऐप को रिक्शा से कनेक्ट करने की कोशिश की। कनेक्ट होने के बाद, मैंने उसे रुकने के लिए कहा और बताया कि अब उसका रिक्शा रीस्टार्ट होगा।”

अमान सिद्दीकी ने आगे कहा कि वह ई-रिक्शे वाला सुबह से परेशान था। ई-रिक्शा सही होने पर वह रोने लगा और बताया कि उसने किराये पर ई-रिक्शा लिया था। पूरे दिन वह एक ही जगह पर खड़ा रहा और उसे करीब पांच सौ रुपये का नुकसान हो चुका था।