मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार को एक क्रूज नाव पलट गई। इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 24 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। बाकी लोग जो हादसे के बाद से लापता हैं, उनकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हालांकि, इस अभियान के दौरान शुक्रवार को एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने वहां मौजूद अधिकारियों एवं अन्य लोगों को झकझोर कर रख दिया।
शुक्रवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने एक महिला और उसके चार साल के बेटे की लाश बरामद की। दोनों एक ही लाइफ जैकेट में लिपटे हुए थे। अपने बेटे को बचाने की आखिरी कोशिश में महिला ने उसे मजबूती से अपने सीने से लगा रखा था। लेकिन सारी कोशिशें नाकाम रहीं और दोनों की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वे दिल्ली से आए चार पर्यटकों के एक परिवार का हिस्सा थे। हादसे में पिता और बेटी किसी तरह बच निकलने में सफल रहे।
पर्यटन मंत्री ने मामले की जांच के दिए आदेश
इधर, मामले की गंभीरता को देखने हुए पर्यटन मंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा, “यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। मैंने विभाग को इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अगर किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है।” उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को भी बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जारी रहा। अधिकारियों के मुताबिक, रात में बारिश और लो विजीब्लिटी के कारण राहत कार्य में बाधा आई। होमगार्ड SDRF के कमांडेंट नीरज सिंह राजपूत ने बताया, “यहां की स्थिति कठिन थी। रात में बारिश और अंधेरा होने से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, लेकिन हमने लाइट्स और अन्य उपकरणों की मदद से काम जारी रखा। आज NDRF और सेना की टीमें भी पहुंचीं, जिसके बाद पांच और शव बरामद किए गए। अब तक कुल नौ शव मिल चुके हैं।”
जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 24 बचाए गए लोगों का इलाज जारी है और सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा, “आज पांच और शव बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।”
यह भी पढ़ें – ‘बात नहीं मानी’, हवा का रुख देख लोगों ने क्रूज चालक को किया था अलर्ट, बरगी डैम हादसे में प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा?
मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक क्रूज नाव पलट गई। इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 15 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। बाकी लोग जो हादसे के बाद से लापता हैं, उनकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज हवाओं के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। पूरी खबर पढ़ें...
