मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक क्रूज नाव पलट गई। इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 15 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। बाकी लोग जो हादसे के बाद से लापता हैं, उनकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज हवाओं के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।
घटना के संबंध में एक प्रत्यक्षदर्शी सम्राट ने बताया, “हवा बहुत तेज चल रही थी। हमने नाव चालक से दूसरी तरफ आने को कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। नाव बीच में पहुंची और पलट गई। कुछ लोग लाइफ जैकेट पहनकर कूद गए। हमने करीब 15-16 लोगों को सुरक्षित बचाया और अस्पताल पहुंचाया।”
दूसरे प्रत्यक्षदर्शी तुहिन ने कहा, “हम खाना खाने के बाद बैठे थे। तेज हवा के कारण नाव हिल रही थी। लोगों ने चालक से नाव किनारे लगाने को कहा। लेकिन उसने बात नहीं मानी और नाव को बीच में ले गया, जहां वह पलट गई। हमने 5-6 लोगों को बाहर निकालने में मदद की।”
इधर, घटना के संबंध में जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बरगी डैम में मनोरंजन के लिए क्रूज चलाए जाते हैं। इसी दौरान एक क्रूज नाव पलट गई। उन्होंने कहा, “नाव में कुल 29 लोग सवार थे। इनमें से 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि नौ शव बरामद किए गए हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है।”
मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने इस घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “SDRF और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जाएगी।”
यह भी पढ़ें – जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज पलटने से चार लोगों की मौत, 10 लापता
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अचानक आई आंधी के कारण 29 लोगों को लेकर जा रहा एक क्रूज बरगी डैम में पलट गया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, 15 लोगों को बचा लिया गया जबकि 10 लोग अब भी लापता हैं। बरगी डैम का निर्माण जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर किया गया है। पूरी खबर पढ़ें…
