भारतीय जनता पार्टी का अजेय दुर्ग बांकीपुर ढह गया। बिहार के बांकीपुर सीट पर सवर्ण मतदाताओं की नाराजगी का खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ा। मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा को लगा झटका बांकीपुर जितना बड़ा नहीं है, लेकिन यहां बंटी हुई कांग्रेस संगठन के आगे राज्य में सत्ताधारी भाजपा के उम्मीदवार को घुटने टेकने पड़े। गुजरात की मांजलपुर सीट से भाजपा को थोड़ी राहत मिली। यह सीट पार्टी का गढ़ रही है।

उपचुनाव में जिन दो सीटों पर भाजपा विरोधी दलों को सफलता मिली है, वहां विपक्ष के लिए चेतावनी के संकेत हैं। बांकीपुर में भाजपा का समर्थन घटा है, लेकिन उसके प्रमुख विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के मतों का बड़ा हिस्सा भी टूटा है। दूसरी ओर दतिया में चंद्रशेखर आजाद रावण की पार्टी ने 13 हजार से ज्यादा वोट हासिल कर विपक्षी खेमे में नया विकल्प पेश किया है।

2008 से बांकीपुर जीत रही थी बीजेपी

बांकीपुर में मतदाताओं ने प्रशांत किशोर का समर्थन किया है। वहां राजद के मतों की हिस्सेदारी 30 फीसद से घटकर मात्र 11 फीसद रह गई है। इस सीट को भाजपा की सबसे सुरक्षित सीटों में से एक माना जा रहा था। भाजपा ने 2008 में सीट बनने के बाद से हर बार जीत हासिल की।

पटना की इस विधानसभा सीट पर पार्टी को कभी भी कुल मतों के 59 फीसद से कम मत नहीं मिले, लेकिन अब उसका स्वर्णिम दौर समाप्त हो गया है। वहां प्रशांत किशोर 48 फीसद से अधिक मत हासिल करने में कामयाब रहे और भाजपा हिस्सेदारी, जो 2025 के राज्य चुनावों में 62 फीसद से अधिक थी, इस बार घटकर 34 फीसद रह गई है। यहां सवर्ण मतदाताओं की संख्या अधिक है। यहां भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने चार बार जीत हासिल की।

पीके बोले- मुख्यमंत्री बदलने का संकेत

प्रशांत किशोर का कहना है कि बांकीपुर का परिणाम बिहार के मुख्यमंत्री को बदलने का संदेश है। भाजपा द्वारा सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद से सवर्णों में असंतोष के संकेत पहले से ही मिल रहे थे।

यहां के मतदाताओं में 14 फीसद कायस्थ, 12 फीसद मुसलिम, नौ फीसद चंद्रवंशी (कहार), जो ईबीसी हैं, नौ फीसद बनिया, नौ फीसद अनुसूचित जाति, आठ फीसद भूमिहार, आठ फीसद ब्राह्मण, सात फीसद राजपूत, पांच फीसद कुर्मी और तीन फीसद कुशवाहा हैं। लगभग 37 फीसद मतदाता सवर्ण हैं, जिनमें बिखराव हुआ है। साथ ही, राजद के वोट बैंक रहे मुसलिम और चंद्रवंशी वोट भी टूटकर प्रशांत किशोर के पाले में गए हैं।

जाहिर है, नीतीश कुमार के बाद बिहार में भाजपा के लिए दुविधा की स्थिति है। सवर्ण संकेत दे रहे हैं कि वे विकल्प के लिए तैयार हैं। दरअसल, कैंपस में जातिगत भेदभाव पर यूजीसी को लेकर नियम, नीट का पेपर, हाल ही में हुए जेन जी के विरोध प्रदर्शन का असर भी पड़ा है।

दतिया में भी बीजेपी को झटका

मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा को लगा झटका बांकीपुर जितना बड़ा नहीं होगा। इसका कारण यह है कि कांग्रेस ने 2023 में भी दतिया में जीत हासिल की थी, जबकि राज्य में भाजपा ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की थी। दतिया कांग्रेस का गढ़ नहीं है। 1990 से अब तक भाजपा ने दतिया सीट चार बार और कांग्रेस ने तीन बार जीती है।

1998 में समाजवादी पार्टी ने यह सीट जीती थी क्योंकि कांग्रेस के दिग्गज नेता राजेंद्र भारती समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। भारती ने 2023 में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में फिर से जीत हासिल की। इस साल की शुरुआत में, भारती को बैंक धोखाधड़ी मामले में तीन साल की जेल की सजा सुनाई गई थी, जिस का विधायक के रूप में वे अयोग्यता हो गए।

यहां चंद्रशेखर आजाद रावण की आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) ने 13,000 से अधिक वोट हासिल किए हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि भाजपा विरोधी वोट बंटे हुए हैं और भगवा पार्टी से नाराज सभी मतदाता मुख्यधारा की विपक्षी पार्टियों को विकल्प के रूप में नहीं देखना चाहते। इसके बजाय, नई और छोटी ताकतें उन्हें आकर्षित कर रही हैं।

गुजरात में थोड़ी राहत

गुजरात की मांजलपुर सीट से भाजपा को थोड़ी राहत मिल सकती है, क्योंकि यह पार्टी का गढ़ है। भाजपा के सत्येंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को आसानी से हराया। वर्ष 2022 में भी भाजपा ने इस सीट पर शानदार जीत हासिल की थी, जिसमें उसके उम्मीदवार योगेश पटेल को 75.85% वोट मिले थे। 2008 में इस सीट के बनने के बाद से भाजपा को इस क्षेत्र में कभी भी 65.5% से कम वोट नहीं मिले हैं।

यह भी पढ़ें: ‘प्रशांत किशोर की जीत बीजेपी की ही जीत’, मीसा भारती बोलीं- वहीं भाजपा के असली प्रत्याशी थे

प्रशांत किशोर की जीत को राजद की मीसा भारती ने बीजेपी की ही जीत करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर ही बीजेपी के असली प्रत्याशी थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।