बांग्लादेश के चटोग्राम स्थित भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी मंगलवार सुबह परिसर में मृत पाए गए। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरेन धर के रूप में हुई है जो भारतीय उच्चायोग में सहायक प्रोटोकॉल अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस अधिकारियों के हवाले से बांग्लादेश की एक न्यूज वेबसाइट ने बताया कि अधिकारी का शव पुराने वीजा केंद्र भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित डेटा एंट्री रूम के बाथरूम के दरवाजे के सामने मिला था। ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग के अलावा बांग्लादेश में भारत के चार सहायक उच्चायोग हैं – चटोग्राम, खुलना, राजशाही और सिलहट।
शव को पोस्टमार्टम के लिए चटोग्राम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया
द डेली स्टार के अनुसार, चटोग्राम मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर हसन मोहम्मद शौकत अली ने कहा कि दूतावास के अधिकारियों को शुरू में नरेन धर के कमरे से कोई जवाब नहीं मिला जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चटोग्राम मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चुरी भेज दिया गया। पुलिस कमिश्नर हसन अली ने बताया कि जांच में कोई स्पष्ट असामान्यता नहीं पाई गई लेकिन मृत्यु का सटीक कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।
अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज
इस बीच, सीएमपी के उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) अमीरुल इस्लाम ने द डेली स्टार को बताया कि इस घटना के संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया जाएगा और पोस्टमार्टम के बाद शव को भारतीय सहायक उच्चायोग के अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश स्थित भारतीय उच्चायोग प्रोटोकॉल अधिकारी के परिवार के संपर्क में है। पोस्टमार्टम के नतीजों का इंतजार है।
अमेरिका के सैन डिएगो में मस्जिद में दो किशोरों ने की गोलीबारी
वहीं, दूसरी ओर अमेरिका के सैन डिएगो में स्थित एक मस्जिद में दो किशोरों ने सोमवार को गोलीबारी की जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इसके बाद मस्जिद से कुछ दूर जाकर हमलावरों ने खुद को भी गोली मार ली। सैन डिएगो पुलिस प्रमुख स्कॉट वॉल ने मस्जिद के पास स्थित एक पार्क में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सैन डिएगो इस्लामिक सेंटर पर हुए इस हमले की घटना की जांच घृणा अपराध के रूप में की जा रही है।
सैन डिएगो पुलिस प्रमुख ने बाद में कहा कि अधिकारियों ने दिन में दो किशोरों में से एक की मां से बात की थी जिसने सुबह लगभग 9:40 बजे पुलिस से संपर्क करके बताया था कि उनका बेटा अपने वाहन के साथ लापता है और उसके पास कई हथियार भी हैं। वॉल ने कहा, ”हम हमलावर की मां से मिली जानकारी की सहायता से घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं और जितनी जल्दी हो सके इसे सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।”
यूक्रेन ने रूस पर किया हमला, भारतीय नागरिक की मौत
यूक्रेन द्वारा किए गए ड्रोन हमलों में रविवार को एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। दूसरी ओर, रूस ने चार लोगों की मौत और एक दर्जन लोगों के घायल होने की बात कही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(भाषा के इनपुट के साथ)
