बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा है कि बांग्लादेश को ‘कंटीले तारों’ से डराया नहीं जा सकता। यह बयान भारत-बांग्लादेश सीमा पर कंटीले तार लगाने और सीमा सुरक्षा से जुड़े हालिया फैसलों को लेकर आया है। उन्होंने कहा कि सीमा विवादों का समाधान केवल बातचीत और मानवीय दृष्टिकोण से ही संभव है। यह टिप्पणी पश्चिम बंगाल में नई सरकार के फैसलों और सीमा पर कथित ‘पुश-बैक’ घटनाओं पर बढ़ते तनाव के बीच आई है।
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में नई बीजेपी सरकार द्वारा अपनी पहली कैबिनेट बैठक में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) को भूमि देने के फैसले के संदर्भ में हुमायूं कबीर ने यह टिप्पणी की है।
शुभेंदु अधिकारी पर निशाना
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनावी बयानबाज़ी और वास्तविक शासन दो अलग-अलग चीजें हैं। हुमायूं का कहना है, ”बांग्लादेश यह देखना चाहता है कि अधिकारी सरकार शासन में अपनी चुनावी बातों का पालन कर रही है या नहीं।”
उन्होंने आगे कहा, ”बांग्लादेश के लोग कंटीले तारों से नहीं डरते… बांग्लादेश सरकार भी नहीं डरती। जहां बातचीत की जरूरत होगी, हम बातचीत करेंगे।”
यह बयान बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान की चेतावनी के कुछ दिनों बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद ”पुश-बैक” (जबरन सीमा पार वापस भेजनने) की घटनाए होती हैं तो ढाका कार्रवाई करेगा।
हुमायूं ने कहा कि अगर भारत सरकार दोनों देशों के बीच लोगों के आपसी संबंध मजबूत करना चाहती है तो सीमा सुरक्षा मुद्दों के समाधान के लिए अधिक ‘मानवीय दृष्टिकोण’ अपनाना चाहिए। । उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश का संबंध मुख्य रूप से भारत की केंद्र सरकार से है। उन्होंने कहा, ”हम भारत की आंतरिक राजनीति में शामिल नहीं होना चाहते।”
सीमा पर कथित ‘पुश-बैक’ और हत्याओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अगर सीमा पर लोगों की मौतें जारी रहती हैं तो बांग्लादेश चुप नहीं बैठेगा। हुमायूं ने आगे कहा, ”बांग्लादेश के पास अपनी योजनाएँ और जवाब हैं। मुझे उम्मीद है कि स्थिति उस दिशा में नहीं जाएगी।”
इस बीच, गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनावों के बाद बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) को हाई अलर्ट पर रखा गया है और बल पूरी तरह तैयार है ताकि सीमा पर घुसपैठ को रोका जा सके।
बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने का फैसला
सोमवार को पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी कैबिनेट ने बीएसएफ को बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन देना उनके प्रमुख प्रस्तावों में से एक था। उन्होंने पहले फैसले में बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन मुहैया कराने के लिए हामी दी है। लैंड डिपार्टमेंट आज से जमीन का ट्रांसफर शुरू कर देगा और यह 45 दिन में केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंप दिया जाएगा।
