झारखंड सरकार के JSSC-CGL परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना भी साधा है। बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि यह छात्रों की जीत है, उनके दृढ़ संकल्प, एकता और जीवटता का परिचय देते हुए सरकार झुकने पर मजबूर हुई है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि जो दंभ के साथ छात्रों के आरोपों को झुठला रहे थे, आज वही मुंह लटकाकर आपकी बात मानने को विवश हुए हैं, लेकिन सरकार द्वारा CBI जांच का आदेश नहीं दिया जाना यह साफ दर्शाता है कि सरकार की मंशा अभी भी ठीक नहीं है।

‘अपने मंत्री और मित्रों को बचा रहे हैं मुख्यमंत्री’

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परीक्षा रद्द होना महज एक चरण है। JSSC-CGL में नौकरी बेचने के आरोपों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मित्र विनोद सिंह की कथित संलिप्तता, JSSC के तत्कालीन अधिकारियों नीरज सिन्हा, सुधीर गुप्ता, प्रशांत और मुख्यमंत्री आवास की भूमिका की निष्पक्ष जांच जरूरी है। JPSC परीक्षाओं की धांधली में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गिरिडीह झामुमो जिलाध्यक्ष की भूमिका से जुड़े आरोपों की भी जांच होनी चाहिए।

‘CBI जांच होनी चाहिए’

विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सीबीआई जांच की मांग को दोहराते हुए कहा है कि जब तक CBI जांच नहीं होगी, इस पूरे सिस्टम में जमा ‘कोढ़’ साफ नहीं होगा। अगर दोषियों पर निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यवस्था में बैठे लोग फिर युवाओं की नौकरियां बेचने का दुस्साहस करेंगे।

TDPL की परीक्षाएं और नियुक्तियां रद्द

बता दें कि सोमवार को कैबिनेट की विशेष बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार ने पूरे मामले के सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद यह फैसला लिया गया है कि TDPL के माध्यम से 2014 से अब तक कराई गई सभी परीक्षाएं, जारी किए गए रिजल्ट और चुने गए अभ्यर्थी या शामिल हुए या TDPL की ओर से जितने भी गतिविधियां यहां हुई हैं, उन सभी को रद्द किया जाता है।”

इस फैसले के बाद TDPL के माध्यम से आयोजित परीक्षाओं, उनके परिणाम और चयन प्रक्रिया पर रोक लग गई है। सरकार के इस कदम को भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग कर रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: ‘अनशन तोड़ूंगा, पर संघर्ष जारी रहेगा’, परीक्षाएं रद्द होने पर देवेंद्र महतो का पहला रिएक्शन

झारखंड में पिछले 24 दिन से चल रहे छात्र आंदोलन के आगे आखिरकार हेमंत सोरेन सरकार झुक गई है। सरकार की ओर से यह ऐलान कर दिया गया है कि 2014 के बाद से TDPL के द्वारा कराई गई सभी परीक्षाओं को रद्द किया जा रहा है। JSSC-JPSC के अंतर्गत होने वाली सभी परीक्षाएं रद्द करने की घोषणा सरकार की ओर से कर दी गई है। इस घोषणा पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का भी रिएक्शन आ गया है। उन्होंने इस फैसले का स्वागत किया और मुख्यमंत्री का आभार जताया। यहां पढ़ें पूरी खबर…