Jay Pawar Shares Emotional Post For Father Ajit Pawar: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन को सात दिन हो चुके हैं। फिर भी, किसी को इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है। अजित पवार का अचानक निधन उनके परिवार के लिए गहरा सदमा है। अजित पवार के छोटे बेटे, जय पवार ने अजित पवार की एक फोटो स्टोरी पोस्ट करके अपना दुख जाहिर किया है।
जय पवार ने एक भावुक मैसेज लिखते हुए कहा, “मुझे आपकी बहुत याद आ रही है। बाबा, काश समय रुक जाता; मैं आपको कसकर गले लगा लेता और हमेशा के लिए वैसे ही रहता। बाबा, आपकी बहुत याद आ रही है।” इस स्टेटस का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वारयल हो रहा है।
एनसीपी के लिए जय पवार ने किया था प्रचार
जय पवार कोऑपरेटिव और संबंधित सेक्टरों में पारिवारिक व्यवसायों में लगे हुए हैं। उन्होंने लोकसभा, विधानसभा और हाल ही में हुए नगर परिषद, नगर पंचायत और नगर निगम चुनावों के दौरान एनसीपी के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया है। बारामती के नागरिकों और एनसीपी पदाधिकारियों ने बताया कि जय पवार लो प्रोफाइल रहना पसंद करते हैं और आमतौर पर मीडिया की नजरों से दूर रहते हैं।
ये भी पढ़ें: अजित पवार की आखिरी पोस्ट क्या थी? ‘इन्हें’ किया था याद
अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार बनीं डिप्टी सीएम
बता दें कि अजित पवार का निधन 28 जनवरी 2026 की सुबह एक विमान दुर्घटना में हो गया। मुंबई से बारामती जाते समय उनके विमान में तकनीकी खराबी आ गई और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अजित पवार के निधन के बाद पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें वे सभी विभाग आवंटित किए गए हैं जो पहले अजित पवार के पास थे। इनमें आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक विकास शामिल हैं।
सुनेत्रा पवार ने कहा, “अजित दादा ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने का मंत्र दिया है। आज, ‘शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर’ के सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा के साथ उनके विचारों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए, मैं कर्तव्य की भावना से उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी स्वीकार करती हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “दादा के असामयिक निधन से दुख का पहाड़ टूट पड़ा है, लेकिन सच्चा सहारा वह कर्तव्यनिष्ठा, संघर्ष करने की शक्ति और जनता के प्रति वह बंधन है जो उन्होंने मुझे सिखाया। मैं उनके सपनों के न्यायपूर्ण, समानतावादी और विकसित महाराष्ट्र को साकार करने के लिए अथक और ईमानदारी से काम करती रहूंगी। इन कठिन समय में महाराष्ट्र की जनता का प्रेम और समर्थन ही मेरी सच्ची शक्ति है। आपके विश्वास की शक्ति से, दादा के आदर्शों को रोशन करते हुए, मैं नई आशा के साथ आगे बढ़ती रहूंगी।”
ये भी पढ़ें: अजित पवार के साथ विमान में कौन-कौन था सवार?
