असम, केरल और पुडुचेरी में कुछ देर में मतदान खत्म होने वाला है। चुनाव आयोग द्वारा शाम छह बजे जारी किए गए आंकड़े के अनुसार, असम में 85.04%, केरल में 77.38% और यूटी पुडुचेरी में 89.08% वोट डाले जा चुके हैं। इन तीनों राज्यों का चुनाव परिणाम चार मई को तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणम के साथ घोषित किया जाएगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को और पश्चिम बंगाल में 23 व 29 अप्रैल को मतदान होगा।
केरल में करीब 2.7 करोड़ मतदाता 140 सीटों पर 883 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। राज्य में 30 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए गए हैं और करीब 1.46 लाख पोलिंग कर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि मतदान सुचारू रूप से कराया जा सके। असम में 2.5 करोड़ से अधिक मतदाता 722 उम्मीदवारों के लिए वोट डाल रहे हैं, जहां व्यापक सुरक्षा इंतजाम के साथ हजारों मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की गई है। वहीं पुडुचेरी में 10 लाख से ज्यादा मतदाता 30 सीटों के लिए मतदान कर रहे हैं, जहां 1,099 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें से 200 से ज्यादा संवेदनशील श्रेणी में हैं।
आज ही त्रिपुरा की धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। उत्तरी त्रिपुरा के इस निर्वाचन क्षेत्र के 46,000 से कुछ अधिक मतदाता उपचुनाव में छह उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला कर रहे हैं। यह उपचुनाव पिछले साल दिसंबर में विधानसभा अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के नेता बिस्वा बंधु सेन के निधन के कारण आवश्यक हो गया था।
शाम छह बजे तक तीनों राज्यों में कितनी हुई वोटिंग
विधानसभा चुनाव में शाम 6 बजे तक असम में 85.04, केरल में 77.38, पुडुचेरी में 89.08% मतदान हुआ।
केरल में कितने प्रतिशत हुई वोटिंग
केरल में गुरुवार को 140 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान जारी रहने के दौरान शाम 5 बजे तक 75 प्रतिशत का आंकड़ा पार हो गया।
असम में पांच बजे तक 84.42% मतदान
असम में शाम पांच बजे तक 84.42% वोट डाले जा चुके हैं जबकि केरल में यह आंकड़ा 75.01% है। केंद्र शासित राज्य पुडुचेरी में शाम पांच बजे तक 86.92% वोटिंग हो चुकी है।
जुबिन की पत्नी और बहन ने वोट डाला
संगीतकार जुबिन गर्ग की पत्नी और बहन ने बृहस्पतिवार को असम विधानसभा चुनाव में अपना वोट डाला और लोगों से अपनी पसंद की सरकार चुनने का आग्रह किया, साथ ही लोकप्रिय गायक की मौत के मामले में शीघ्र न्याय मिलने की उम्मीद जताई। हाल ही में अस्पताल में भर्ती हुईं जुबिन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग अपनी ननद पाल्मे बोरठाकुर के साथ गुवाहाटी के दिसपुर निर्वाचन क्षेत्र में मतदान करने पहुंचीं।
असम में तीन बजे तक 75.91% मतदान
असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान जारी है। तीन बजे तक असम में 75.91%, केरल में 62.71% और यूटी पुडुचेरी में 72.40% वोट डाले जा चुके हैं।
दोपहर एक बजे तक असम में 60% वोट डाले गए
दोपहर 1:00 तक असम में करीब 60% वोट डाले जा चुके हैं। दक्षिण भारत के राज्य केरल में 89.70% वोट, यूनियन टेरिटरी पुडुचेरी में 56.83 % वोट डाले जा चुके हैं
पवन खेड़ा भगोडा है- हिमंता
हिमंता बिस्वा सरमा ने कामरूप में वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में पवन खेडा को भगोड़ा बताया। कांग्रेस से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी कहां है? मैंने उनका नाम नहीं सुना.... "
हिमंता ने कामरूप में डाला वोट
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कामरुप के एक वोटिंग सेंटर में वोट डाला। वो जलकुबारी से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
असम में 11 बजे तक 39% वोटिंग
असम में 11:00 तक 38.92% वोट डाले जा चुके हैं। राज्य की बजाली विधानसभा सीट पर 40%, बक्शा विधानसभा सीट पर 40%, बारपेटा में 38% वोट और विश्वनाथ विधानसभा सीट पर में 40% वोट डाले जा चुके हैं।
पुतुप्पल्ली में मतदान के दौरान चांडी ओमन काले कपड़ों में पहुंचे
पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के बेटे एवं कांग्रेस उम्मीदवार चांडी ओमन बृहस्पतिवार को विरोध जताने के लिए काले कपड़े पहनकर पुतुप्पल्ली विधानसभा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे ओमन अपनी मां और बहन के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। यह 2023 में ओमन चांडी के निधन के बाद पहला विधानसभा चुनाव है। पुतुप्पल्ली उपचुनाव जीत चुके चांडी ओमन अब संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ), वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बीच त्रिकोणीय मुकाबले में यूडीएफ के इस गढ़ को अपने पास बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में डाला वोट
केरल में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम के एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। केरल में सुबह 11 बजे तक 33.28% मतदान हो चुका था।
त्रिपुरा के धर्मानगर सीट के उपचुनाव में 15 फीसदी मतदान
त्रिपुरा के धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में बृहस्पतिवार को मतदान के शुरुआती दो घंटों में कुल मतदाताओं में से 15 प्रतिशत से अधिक ने मतदान किया।
पीएम मोदी रहेंगे तो सबका सम्मान रहेगा, सुरक्षा, विकास और विरासत रहेगा: सर्बानंद सोनोवाल
असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, " असम में जो विकास हुआ है और शांति का माहौल जो बना है इससे हर नागिरक को इज्जत से जीने का एक बड़ा मौका भी है और माहौल भी है और सुविधा भी दी गई है इसलिए असम की जनता खुश है पीएम मोदी के नेतृत्व में जो विकास हुआ है सभी जनता को अपने जीवन सजाने के लिए एक मौका दिया गया है तो सामाजिक न्याय जनता की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में पीएम मोदी का जो योगदान है जो उनका प्यार जनता के लिए है इसलिए असम के लोग खुश है सबका मनाना है कि पीएम मोदी रहेंगे तो सबका सम्मान रहेगा, सुरक्षा, विकास और विरासत रहेगा।"
हमें लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के लिए जबरदस्त सफलता की उम्मीद: सीपीएम महासचिव
CPI(M) के महासचिव एम.ए. बेबी ने कहा, "हमें लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के लिए जबरदस्त सफलता की उम्मीद है क्योंकि LDF सरकार ने पिछले 10 सालों में शानदार काम किया है। इस दौरान राज्य में न सिर्फ सामाजिक सौहार्द बना रहा बल्कि सामाजिक कल्याण के उपाय, इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्रों में भी समग्र विकास हुआ। पिछले 10 सालों में केरलम में जो शांतिपूर्ण माहौल रहा है, लोग उस पर भी गौर कर रहे हैं... हमें एक शानदार जीत की उम्मीद है। NITI आयोग के आंकड़े साबित करते हैं कि केरलम हर राज्य से आगे है...।"
खड़गे का केरल, असम और पुडुचेरी के लोगों से मतदान का आह्वान
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरल, असम और पुडुचेरी के लोगों से बदलाव के लिए वोट करने और ऐसी सरकार चुनने का आह्वान किया जो जनता की परवाह करती हो। केरल, असम और पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मतगणना चार मई को होगी।
केरल के सीएम बोले- झूठा प्रचार LDF को नहीं हरा सकता
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कन्नूर में कहा, "झूठा प्रचार LDF को नहीं हरा सकता। हमें हमेशा लोगों पर भरोसा रहा है, और लोगों को हम पर भरोसा है... पिछले दस सालों से हम लोगों के साथ चले हैं, और यह सफर जारी रहना चाहिए। हम लोगों के साथ हैं, और लोग हमारे साथ हैं... सांप्रदायिक प्रचार हमें नहीं हरा सकता।"
राजनीति में पूरे समय राजनीति करनी पड़ती है: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अभिनेता और TVK प्रमुख विजय के बारे में कहा, "राजनीति में आपको पूरे समय राजनीति करनी पड़ती है... सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि वह मैदान पर कितना समय बिताते हैं... हमें उनके साथ गठबंधन बनाने की क्या जरूरत है? हमारा गठबंधन तो AIADMK के साथ है।"
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने केरल के गुरुवायुर में डाला वोट, समझदारी से फैसला लेने की अपील
केरल विधानसभा चुनाव 2026: केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने गुरुवायुर में वोट डाला, मतदाताओं से "पूरी लगन और समझदारी" से फैसला लेने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदान के लिए लोगों से की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को असम, पुडुचेरी और केरल के लोगों से आग्रह किया कि वे बड़ी संख्या में घरों से निकलकर अपना मतदान करें और लोकतंत्र के उत्सव को सफल बनाएं।
पुडुचेरी में मतदाताओं का रोबोट कर रहा स्वागत
पुडुचेरी में मतदान जारी है। बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं। एक सरकारी स्कूल में वोट डालने आ रहे मतदाताओं का 'नीला' नाम का एक रोबोट प्रवेश द्वार पर स्वागत कर रहा है।
केरल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का दावा- चुनाव 2026 में
केरल चुनाव 2026 में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पेरावूर उम्मीदवार सन्नी जोसेफ ने दावा किया कि UDF को बहुमत मिलेगा और 100 से अधिक सीटें जीतेंगे। उन्होंने मतदाताओं से सही मतदान की अपील की और कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला हाईकमान से सलाह के बाद होगा।
केरल में कांग्रेस उम्मीदवार वीडी सतीसन ने डाला वोट
केरल के एलओपी और परवूर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार वीडी सतीसन ने एर्नाकुलम के केसरी सरकारी कला और विज्ञान कॉलेज में मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
मतदान से पहले मॉक पोलिंग हुई, सब कुछ सही मिलने पर मतदान शुरू
असम के मोरीगांव पोलिंग स्टेशन 177 की पीठासीन अधिकारी डॉ. गार्गी फुकन कहती हैं, "हमने मॉक पोलिंग शुरू की थी, और अब यह पूरी हो चुकी है... हम यहां सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। हमारे पास यहां 792 (मतदाता) हैं... यहां पुलिस से लेकर BLO और माइक्रो ऑब्जर्वर तक, सभी कर्मचारी महिलाएं हैं। सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है... उम्मीद है कि सब ठीक रहेगा... मैं सभी मतदाताओं से अपील करती हूं कि वे बाहर निकलें और मतदान करें...।"
असम की राजधानी दिसपुर में मतदान के लिए सुबह से ही लोग पहुंचने लगे। कई बुजुर्ग लोग भी पहले मतदान के लिए मतदान केंद्र पर पहुंच गए। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया।
