चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। सभी राज्यों में मतगणना चार मई को होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को जबकि केरल, असम और पुडुचेरी के लिए नौ अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा।

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव के लिए 824 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। कुमार ने कहा कि चुनाव हिंसा या प्रलोभन से मुक्त होने चाहिए और आयोग किसी भी तरह के उल्लंघन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। कुमार के साथ दो चुनाव आयुक्त – सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे।

25 लाख चुनाव अधिकारी रहेंगे तैनात

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं और 2.19 लाख मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। इस दौरान 25 लाख चुनाव अधिकारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

क्या है चुनाव कार्यक्रम?

असम, केरल और पुडुचेरी के लिए चुनाव अधिसूचना 16 मार्च को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 23 मार्च है। नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी और 26 मार्च तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।

तमिलनाडु में चुनाव संबंधी अधिसूचना 30 मार्च को जारी की जाएगी और इस राज्य में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अप्रैल है। नामांकन पत्रों की जांच सात अप्रैल को होगी और उम्मीदवार नौ अप्रैल तक नाम वापस ले सकते हैं।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 30 मार्च को, जबकि दूसरे चरण के लिए दो अप्रैल को जारी की जाएंगी। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अप्रैल है और दूसरे चरण के लिए नौ अप्रैल है।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच सात अप्रैल को और दूसरे चरण के लिए 10 अप्रैल को होगी। पहले चरण के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 13 अप्रैल है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीट पर और दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान होगा।

किस राज्य में कितने मतदाता?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा का कार्यकाल सात मई को, तमिलनाडु में 10 मई को, असम में 20 मई को, केरल में 23 मई को और पुडुचेरी में 15 जून को समाप्त होगा। पश्चिम बंगाल में 7.04 करोड़, तमिलनाडु में 5.67 करोड़, केरल में 2.7 करोड़, असम में 2.5 करोड़ और पुडुचेरी में 9.44 लाख मतदाता हैं।

तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीट हैं, जहां डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन 2021 से मुख्यमंत्री हैं। पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीट हैं। यहां टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी 2011 से सत्ता में हैं। केरल में कुल 140 विधानसभा सीट हैं और यहां वामपंथी नेता पिनराई विजयन 2016 से मुख्यमंत्री हैं और एलडीएफ सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।

असम में विधानसभा की 126 सीट हैं। यहां भाजपा 2016 से सत्ता में है तथा हिमंता बिस्वा सरमा 2021 से मुख्यमंत्री हैं। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी 2021 से सत्ता में हैं। इस केंद्र शासित प्रदेश में कुल 30 सीट हैं।

यह भी पढ़ें- राज्यों के चुनाव के लिए ये है बीजेपी का प्लान

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। बीजेपी केरल और तमिलनाडु में अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।