पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव प्रचार में इस बार न सड़क, न रोजगार और न ही विकास का मुद्दा हावी है। इस बार चुनाव में अस्मिता और संस्कृति का मुद्दा हावी है। असम हो या पश्चिम बंगाल, केरल हो या तमिलनाडु सभी राजनीतिक दल स्थानीय अस्मिता का मुद्दा तेजी से चुनाव में उठा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की बात करें तो चुनाव में इस बार सबसे बड़ा मुद्दा विकास नहीं बल्कि पहचान बनाम पहचान बन गया है। 15 साल की सरकार का काम पीछे चला गया है और लोगों के बीच राष्ट्रवाद, धर्म और अस्मिता का मुद्दा छाया हुआ है। राजनीतिक दलों की बात करें तो भाजपा का मानना है कि अगर बहुसंख्यक मतदाता साथ आ गए तो सीटें भी साथ आ जाएंगी। इसलिए, अब भाषणों में सड़क की चर्चा कम और सीमा की ज्यादा, रोजगार की कम और घुसपैठ की ज्यादा, विकास की कम और धार्मिक संतुलन ज्यादा सुनाई दे रहा है।
नेताओं के भाषणों में पश्चिम बंगाल की अस्मिता का जिक्र
सभी बड़े नेताओं के भाषणों में पश्चिम बंगाल की अस्मिता का जिक्र है। भाजपा नेता जहां एक तरफ भौगोलिक बदलाव का मुद्दा उठा कर बंगाल अस्मिता को खतरा बता रहे हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर बंगाली पहचान पर हमले का आरोप लगाया। बांग्लादेशी होने के संदेह में बंगाल के प्रवासियों को कथित तौर पर प्रताड़ित करने, हिरासत में लेने और देश से निकालने की घटनाओं के बाद से वह भाजपा पर लगातार हमला बोलती रही हैं।
सिर्फ बंगाल ही नहीं असम में भी यूसीसी और पहचान जैसे मुद्दे तेजी से उठाए जा रहे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा घुसपैठियों और यूसीसी का मुद्दा उठाकर असमिया अस्मिता को बचाने की बात कर रहे हैं और घुसपैठियों को बाहर निकालने की बात कर रहे हैं। हिमंता कहते हैं कि उनका मतलब बांग्लादेशी घुसपैठियों से है। कांग्रेस भी मुख्यमंत्री के इस बयान को मुद्दा बनाकर असम की अस्मिता और संस्कृति पर हमला बता रही है।
तमिलनाडु और केरल चुनाव में भी यही मुद्दा
तमिलनाडु में भी कहानी लगभग यही दिख रही है। तमिलनाडु में हिंदुत्व बनाम द्रविड़ पहचान की लड़ाई चुनाव में हावी है। डीएमके जहां हमारी भाषा, हमारी संस्कृति का मुद्दा उठा रही है तो वहीं भाजपा हिंदुत्व का मुद्दा लेकर चुनाव में आगे बढ़ रही है। यहां भाजपा का अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन है।
केरल में भी धर्म और संस्कृति की राजनीति चल रही है। भाजपा हो या कांग्रेस या लेफ्ट सभी सबरीमाला मंदिर में सोना चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। यहां भी सभी दल केरल की संस्कृति का मुद्दा जोर शोर से चुनाव में उठा रहे हैं। कुल मिलाकर राज्य बदल रहे हैं। किरदार बदल रहे हैं, लेकिन दलों की चुनावी भाषा वही है- पहचान और अस्मिता की राजनीति।
SIR के खिलाफ ममता बनर्जी की जनता से अपील, EVM पर उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए जैसे-जैसे वोटिंग की तारीखें पास आ रही हैं, उसके साथ ही चुनाव प्रचार में नेताओं की अपने प्रतिद्वंदियों के खिलाफ तल्खी बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तो बीजेपी के अलावा चुनाव आयोग को भी निशाना बना रही हैं। उन्होंने SIR को लेकर जनता से अपील की है कि लोग चुनाव आयोग से बदला लेने के लिए वोट करें। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
