कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया था कि असम के सीएम हिमंता बिस्वा की पत्नी रिनिकी भुइयां के पास कई पासपोर्ट और विदेश में संपत्ति है जिनका मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में ज़िक्र नहीं किया गया। जिसके बाद हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने उन दस्तावेजों की जांच नहीं की जिनके आधार पर उनके परिवार पर आरोप लगाए गए हैं। असम पुलिस की टीम ने मंगलवार को पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर तलाशी ली। यह तलाशी रिनिकी भुइयां द्वारा दर्ज कराए गए एक मामले के सिलसिले में की गई।

असम पुलिस द्वारा कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज FIR में मानहानि, जालसाजी और आपराधिक साजिश सहित BNS की 14 धाराओं के तहत आरोप शामिल हैं। इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के अनुसार, एफआईआर में पवन खेड़ा और अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। इसमें चुनाव के संबंध में झूठा बयान देना, धोखाधड़ी, जालसाजी से संबंधित विभिन्न आरोप, आपराधिक धमकी, शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना, शांति भंग करने वाले बयान देना, मानहानि और आपराधिक साजिश जैसे आरोप शामिल हैं।

रिनिकी भुइयां की FIR में पवन खेड़ा पर क्या हैं आरोप

जिस शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है, उसमें कहा गया है कि रिनिकी भुइयां ने प्रत्येक आरोप को झूठा, मनगढ़ंत, निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए खंडन किया है। उन्होंने कहा है कि ऐसा कोई पासपोर्ट, नागरिकता, संपत्ति या दस्तावेज कभी अस्तित्व में नहीं रहा है और न ही कभी उसके नाम पर इसके लिए आवेदन किया गया है या जारी किया गया है।

शिकायत में आगे कहा गया है कि उक्त आरोपों का तरीका, लहजा, समय और प्रस्तुति स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि ये जानबूझकर दुर्भावना, आपराधिक इरादे और इस बात की पूरी जानकारी के साथ लगाए गए थे। ऐसे आरोपों का शिकायतकर्ता की प्रतिष्ठा, गरिमा, सुरक्षा और उसके पति के राजनीतिक भविष्य पर गंभीर परिणाम होगा। शिकायत में कहा गया है, “यह मामला एक व्यक्ति के खिलाफ जानबूझकर अपमानजनक आरोप प्रकाशित करने से संबंधित है, जिसमें बिना किसी कानूनी सबूत और आधार के सार्वजनिक रूप से उस पर गंभीर अवैध और अनैतिक आचरण का आरोप लगाया गया है।”

पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर लगाए थे आरोप

रविवार को पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां के पास तीन पासपोर्ट हैं। खेड़ा ने उन दस्तावेजों की तस्वीरें भी साझा कीं जिनमें कथित तौर पर संयुक्त अरब अमीरात में उनके नाम पर संपत्तियां और संयुक्त राज्य अमेरिका में रजिस्टर्ड एक कंपनी दिखाई गई है, जिनका खुलासा खेड़ा के अनुसार सरमा के चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया था। इन दावों के बाद, रिनिकी ने पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर असम पुलिस की क्राइम ब्रांच में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मंगलवार को असम पुलिस की एक टीम पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची थी।

CM हिमंता ने पत्नी पर लगाए आरोपों को बताया मनगढ़ंत, पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस द्वारा उनकी पत्नी के पास कई पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्ति रखने के आरोप मनगढ़ंत हैं। उन्होंने कहा कि ये आरोप एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से मिली झूठी जानकारी के आधार पर लगाए गए हैं। सरमा ने कहा कि उनकी पत्नी ने ‘झूठे आरोपों’ को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें