असम पुलिस ने बताया कि गुवाहाटी में कुल 18 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, इनमें से पांच लोग मंगलवार को ट्रेन के जनरल कोच में पकड़े गए जबकि बाकी 13 लोगों को बुधवार को बांग्लादेश लौटने की कोशिश के दौरान पुलिस ने पकड़ा।

पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में इन लोगों को पकड़ने की कार्रवाई की है।

पुलिस ने बताया है कि बुधवार को विशेष सूचना के आधार पर शहर के एक होटल में चलाए गए अभियान के दौरान चार महिलाओं और पांच बच्चों समेत 13 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक ये लोग बुधवार सुबह दिल्ली से गुवाहाटी पहुंचे थे और बांग्लादेश वापस जाना चाहते थे।

श्रीनगर में रह रहे थे

पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि वे पिछले 14-15 साल से श्रीनगर के पंथा चौक के पास भारत में अवैध रूप से रह रहे थे और श्रीनगर पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद वहां से निकलकर बांग्लादेश जाने के लिए गुवाहाटी पहुंचे थे।

असम पुलिस के चीफ पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर (सीपीआरओ) राजीव सैकिया ने बताया कि एक अन्य अभियान में मंगलवार को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन से मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस से चार महिलाओं समेत पांच अवैध प्रवासियों को पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया है कि ये लोग रोजगार की तलाश में ट्रेन से मुंबई जाने की योजना बना रहे थे। ये सभी लोग बिना किसी वैध दस्तावेज के गैर-कानूनी तरीके से भारत में दाखिल हुए थे और उन्होंने माना है कि वे बांग्लादेशी नागरिक हैं। ये लोग बांग्लादेश के ढाका, बोगुरा, राजबारी, नरेल और जमालपुर जिलों के रहने वाले हैं।

चार लोग गिरफ्तार

पुलिस को यह भी पता चला कि यह लोग टोकोबारी के विंटेज होम होटल में ठहरा था। विदेशी नागरिकों के ठहरने और आवाजाही में मदद करने के आरोप में होटल के मालिक और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ पानबाजार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। सैकिया ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पानबाजार पुलिस ने विंटेज होम के मालिक अमित रॉय बसुमतारी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। 

असम पुलिस ने बताया है कि इन सभी लोगों को भारत से बाहर भेजने के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- ‘दलालों को 20 हजार देकर 10 मिनट में पार किया बॉर्डर’

पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से बाहर निकालना शुरू कर दिया है। इसके चलते, हजारों बांग्लादेशी नागरिक अब सीमावर्ती इलाकों में जमा होने लगे हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।