असम में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन (NDA) के विधायक दल के नेता चुने गए। हिमंता लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। सरमा 12 मई (आज) को अपने नए मंत्रिमंडल के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
126 सदस्यीय असम विधानसभा में बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने लगातार तीसरी बार दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। बीजेपी 82 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने 10-10 सीटें जीतीं जिससे एनडीए का कुल आंकड़ा 102 सीटों तक पहुंच गया।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आठ बीजेपी विधायकों ने सरमा के नाम का प्रस्ताव विधायक दल के नेता पद के लिए रखा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सरमा को बीजेपी और एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे बीजेपी के शीर्ष नेता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के असम के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, कई देशों के राजदूत, उद्योगपति और धार्मिक नेता भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सरमा के साथ चार मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष लेंगे शपथ
हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को घोषणा की कि उनके साथ चार कैबिनेट मंत्री और असम विधानसभा के अध्यक्ष भी मंगलवार को शपथ लेंगे
उन्होंने जानकारी साझा करते हुए कहा, ”मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरे चार सहयोगी भी कल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति में मेरे साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे।”
जिन चार नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी वे हैं- रमेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बरो और अजयन्ता नियोग।
इस दूसरे लगातार कार्यकाल के साथ हिमंत बिस्वा सरमा असम के इतिहास में पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री बन गए हैं जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद एक और पूर्ण कार्यकाल की शुरुआत की है। उनकी यह उपलब्धि असम की राजनीतिक तस्वीर में आए बड़े बदलाव को दिखाती है। पिछले एक दशक में बीजेपी ने कांग्रेस की जगह राज्य की प्रमुख राजनीतिक शक्ति के रूप में खुद को स्थापित कर लिया है।
खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज फील्ड में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजन स्थल पर अलग-अलग बैठने की व्यवस्था, कड़े सुरक्षा इंतज़ाम, विशाल एलईडी स्क्रीन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं, राजनीतिक नेताओं, गणमान्य व्यक्तियों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
