असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को शिमला में बीजेपी द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित किया। सरमा ने कहा कि बीजेपी वोट नहीं चुराती, लोगों का दिल चुराती है।
असम के मुख्यमंत्री ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का पुरजोर बचाव करते हुए कहा कि एसआईआर होना चाहिए। सरमा ने कहा कि अगर देश में एसआईआर की प्रक्रिया नहीं होगी, तो बाबर और औरंगजेब का नाम वोटर लिस्ट से कैसे हटाया जाएगा? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली में नाटक कर रहे हैं और यह पूरा नाटक बाबर और औरंगजेब के लिए किया जा रहा है।
सरमा ने कहा, “यह कोई एसआईआर का आंदोलन नहीं है, यह घुसपैठियों को बसाने का आंदोलन है, यह बाबर और औरंगजेब को बसाने का आंदोलन है।”
अस्थिरता का माहौल बनाने का आरोप
सरमा ने कांग्रेस पर भारत में अस्थिरता का माहौल बनाने के लिए बांग्लादेश और नेपाल के राजनीतिक घटनाक्रमों का सहारा लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “भारत, बांग्लादेश नहीं है। भारत एक लोकतंत्र है, जहां सरकारें लोगों के मतों से बदलती हैं, न कि राजनीतिक धमकी या सड़कों पर होने वाली अराजकता से।”
असम के सीएम सरमा ने कहा, “कांग्रेस न केवल ईवीएम पर, बल्कि बैलेट पेपर से होने वाले चुनाव में भी हार रही है, जैसा कि अलग-अलग राज्यों में विधान परिषद सदस्य के हालिया चुनावों में देखा गया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि भाजपा वोट नहीं चुराती, बल्कि वह दिल चुराती है।”
हिमाचल सरकार पर बोला हमला
सरमा ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता उन्हीं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का विरोध कर रहे हैं, जिनकी मदद से हिमाचल प्रदेश में उनकी सरकार सत्ता में आई थी।
राहुल गांधी को दी चुनौती
असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह रायबरेली से अपनी जीत और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपनी स्थिति को स्पष्ट करें। उन्होंने सुक्खू से भी यह बताने को कहा कि वे किस आधार पर अपने पद पर बने हुए हैं, जबकि उन्हें जो जनादेश मिला है, वह उन्हीं ईवीएम के जरिए प्राप्त हुआ है।
सरमा ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतती है तो वह ईवीएम को स्वीकार कर लेती है, लेकिन जब भाजपा जीतती है, तो वह निर्वाचन आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है।
सिख-विरोधी दंगों के लिए माफी मांगें राहुल गांधी
सरमा ने मांग की कि लोकतंत्र को बचाने के बारे में बात करने से पहले राहुल गांधी को 1984 के सिख-विरोधी दंगों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस को 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े दर्दनाक सवालों का जवाब देना चाहिए।”
शिमला में भाजपा की पदयात्रा पुराने लोकल बस स्टैंड के पास गुरुद्वारा साहिब पार्किंग से शुरू हुई, जो विक्ट्री टनल और विधानसभा रोड से होते हुए चौड़ा मैदान (छोटा मैदान) पहुंची। यहां एक बड़ी जनसभा हुई और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने इसे संबोधित किया।
यह भी पढ़ें- ‘हम मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार से नफरत नहीं करते…’
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ में 20 से अधिक दल शामिल थे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
