असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस के 99% हिंदू सदस्य पार्टी छोड़ना चाहते हैं। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने समाचार एजेंसी PTI को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि लगभग 99 प्रतिशत हिंदू कांग्रेस छोड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में इसके टूटने की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस एक ही समुदाय की पार्टी बनकर रह जाएगी।

कांग्रेस के कई नेताओं ने छोड़ी है पार्टी

चुनावों से पहले कांग्रेस में बड़े पैमाने पर दलबदल देखने को मिला है। कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा बीजेपी में शामिल हो गए हैं। अन्य नेताओं में विधायक कमलाख्या डे पुरकायस्थ, शशि कांत दास, बसंत दास, सुशांत बोरगोहेन और रूपज्योति कुर्मी शामिल हैं, जिन्होंने पहले कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी और अब बीजेपी में आ चुके हैं।

हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि असम में बड़े राज्यों के बराबर भारी विकास हुआ है और उन्हें विश्वास है कि बीजेपी इस साल फिर से रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा, “5 सालों में 1.65 लाख लोगों को सरकारी नौकरियां मिली हैं। यही वजह है कि चुनाव एक उत्सव के माहौल में हो रहे हैं।”

घुसपैठ अभी भी असम में एक बड़ा मुद्दा- हिमंता

इससे पहले शुक्रवार को सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने स्वीकार किया कि घुसपैठ अभी भी असम में एक बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा था, “हम 9 अप्रैल के चुनाव के लिए तैयार हैं। मुझे जो कहना और करना होता है, मैं वही करता हूं। लोग बीजेपी को फिर से सत्ता में लाने के लिए उत्साहित हैं। बड़े मुद्दों को उठाने का कोई मतलब नहीं है। मैं चुनाव जीतूंगा। हमारे घोषणापत्र में वह सब कुछ शामिल होगा जो हमें करना है।”

गुरुवार को सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था कि बांग्लादेशी ही कांग्रेस को वोट देंगे। उन्होंने कहा था, “कांग्रेस में कौन जाना चाहता है? कांग्रेस भारत में अपनी सरकार नहीं बना सकती। वह पाकिस्तान में बना सकती है। तो फिर मैं कांग्रेस में कैसे जा सकता हूं? कांग्रेस भारत में कभी सरकार नहीं बना सकती। जब कांग्रेस सरकार बनाएगी, तो वह या तो पाकिस्तान में होगी या बांग्लादेश में।” हिमंता बिस्वा सरमा ने असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि, “मैं उन्हें मुफ्त में पब्लिसिटी नहीं देना चाहता।”

कांग्रेस का आया पलटवार

हिमंता की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने हिमंता पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “वह मेरे प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के बारे में बात कर रहे हैं। उनके पिता तरुण गोगोई मुख्यमंत्री थे, और गौरव अभी सांसद हैं। हिमंता मेरे प्रदेश अध्यक्ष से डरते हैं, इसलिए अध्यक्ष के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहां कोई बांग्लादेशी नहीं है।”

(यह भी पढ़ें- बांग्लादेश से सटी असम की विधानसभा सीटों पर बीजेपी का हुआ था बुरा हाल)

असम में बांग्लादेशी घुसपैठिए लंबे समय से एक बड़ा मुद्दा बने हुए हैं। राज्य के चार जिलों की कुल आठ विधानसभा सीटें बांग्लादेश के साथ सीमा साझा करती हैं। इन सीटों में सिर्फ एक सीट- पथरकंडी में बीजेपी को बेहद नजदीकी मुकाबले में जीत हासिल हुई थी। पढ़ें पूरी खबर