असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जलकुबारी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। इस सीट को हिमंता का गढ़ कहा जाता है। हिमंता बिस्वा सरमा की जलकुबारी विधानसभा सीट के साथ छह विधानसभा सीटें सीमा साझा करती हैं। इन सीटों में तीन सीटें – पलासबाड़ी, हाजो-सुआलकुची और कमालपुर विधानससभाएं कामरूप जिले में आती हैं जबकि दो सीटें- दिसपुर और गुवाहाटी सेंट्रल- कामरूप जिले का हिस्सा हैं। इनके अलावा सिपाझार विधानसभा सीट दरांग जिले में आती है।
असम विधानसभा चुनाव 2021 में बीजेपी और उसकी सहयोगी AGP ने इन सभी छह सीटों पर जीत हासिल की थी। पलासबाड़ी में बीजेपी के हेमंगा ठकुरिया, हाजो-सुआलकुची में बीजेपी के सुमन हरिप्रिया, कमालपुर में बीजेपी के दिगंत कलिता, सिपाझार में बीजेपी के परमानंद राजबंशी, दिसपुर से बीजेपी के अतुल बोरा ने जीत हासिल की थी।
इसके अलावा गुवाहाटी ईस्ट और वेस्ट सीट पर क्रमश: बीजेपी के सिद्धार्थ भट्टाचार्य और एजीपी के रामेंद्र नारायण कलिता ने जीत हासिल की थी। परिसीमन के बाद गुवाहाटी ईस्ट और वेस्ट के हिस्सों को मिलाकर गुवाहाटी सेंट्रल सीट अस्तित्व में आई है।
जलकुबारी की बगल वाली विधानसभा सीटों पर एक नजर
पलासबाड़ी विधानसभा सीट – पलासबाड़ी विधानसभा सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के हेमंगा ठकुरिया ने 68,311 वोट हासिल किए थे। इस चुनाव में दूसरे नंबर पर पंकज लोचन गोस्वामी रहे, उन्हें 28,641 वोट जबकि तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के जतिन माली को 27,320 वोट प्राप्त हुए। इस सीट पर मौजूदा चुनाव में बीजेपी के हिमांशु शेखर बैश्य और असम जातीय परिषद के पंकज लोचन गोस्वामी के बीच मुकाबला है। मौजूदा चुनाव के लिए कांग्रेस और असम जातीय परिषद के बीच गठबंधन है।
हाजो-सुआलकुची विधानसभा सीट– परिसीमन से पहले यह सीट हाजो विधानसभा के नाम से पहचानी जाती थी। यहां साल 2021 में बीजेपी के सुमन हरिप्रिया को 66,165 वोट मिले थे। यहां दूसरे नंबर पर रहे असम जातीय परिषद के दुलु अहमद को 51,797 वोट और तीसरे स्थान पर कांग्रेस के अनवर हुसैन को 28,504 वोट मिले। इस चुनाव में हाजो-सुआलकुची विधानसभा सीट पर असम गढ़ परिषद के प्रकाश चंद्र दास और कांग्रेस की नंदिता दास के बीच मुकाबला है।
कमालपुर विधानसभा सीट – इस सीट पर पिछले चुनाव में बीजेपी के दिगंत कलिता को 81,083 वोट मिले थे। यहां दूसरे नंबर पर कांग्रेस के किशोर कुमार भट्टाचार्य रहे, जिन्हें 62,969 वोटों से संतोष करना पड़ा। मौजूदा चुनाव में यहां पर कांग्रेस के सत्यब्रत कलिता और बीजेपी के दिगंत कलिता के बीच मुकाबला है।
सिपाझार विधानसभा सीट – दरांग जिले की इस विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में बीजेपी के परमानंद राजबंशी ने 74,739 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। यहां दूसरे नंबर पर कांग्रेस के कुलदीप बरुआ को 67,605 वोट जबकि तीसरे स्थान पर असम जातीय परिषद की गीतिका काकाती रहीं। गीतिका को यहां 2201 वोट मिले। मौजूदा विधानसभा चुनाव में सिपाझार विधानसभा सीट पर कांग्रेस के बिनंदा कुमार सैकिया और बीजेपी के परमानंद राजबंशी के बीच मुकाबला है।
दिसपुर विधानसभा सीट– दिसपुर विधानसभा सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। यहां पिछले चुनाव अतुल बोरा ने जीत 196043 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। इस सूट पर दूसरे स्थान पर कांग्रेस के मंजीत महंता (74,386 वोट) और तीसरे स्थान पर असम जातीय परिषद के प्रिंस फैजुल हक (15,636 वोट) रहे। इस बार यहां बीजेपी ने अतुल बोरा की जगह कांग्रेस से पार्टी में आए प्रद्युत बोरदोलोई को टिकट दिया है। उनका मुकाबला कांग्रेस की मीरा बोरठाकुर गोस्वामी और बीजेपी के बागी जयंत कुमार दास से है।
गुवाहाटी सेंट्रल विधानसभा सीट – इस सीट पर मुकाबला बीजेपी के विजय कुमार गुप्ता और असम जातीय परिषद की कुंकी चौधरी के बीच है। यह सीट गुवाहाटी ईस्ट और वेस्ट सीट के इलाकों को मिलाकर बनाई गई है। गुवाहाटी ईस्ट विधानसभा सीट पर बीजेपी के सिद्धार्थ भट्टाचार्य ने 1,13,461 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। उन्होंने यहां चुनाव में कांग्रेस की आसीमा बोरदोलोई (29361 वोट) और असम जातीय परिषद के अदीप कुमार (21049) को हराया। गुवाहाटी वेस्ट विधानसभा सीट पर असम गढ़ परिषद के रामेंद्र नारायण कालिता ने जीत हासिल की थी। उन्हें 137533 वोट मिले थे। यहां दूसरे नंबर पर कांग्रेस की मीरा बोरठाकुर गोस्वामी (59084 वोट) रहीं।
यह भी पढ़ें: उम्र छोटी, इरादे बड़े: असम व केरल के चार उम्मीदवारों की कहानी

असम और केरल में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में जहां अनुभवी नेताओं की किस्मत दांव पर होगी, वहीं 25 से 27 वर्ष की आयु के युवा उम्मीदवार भी अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। इन उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि भले ही अलग-अलग हो, लेकिन इनके हौसले और लक्ष्य एक समान ‘जनसेवा और बदलाव’ की ओर केंद्रित हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
