छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल को उनके पद से हटाकर कलेक्टर कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। आरोप है कि उन्होंने छात्रों के बीच आसाराम से जुड़ी पुस्तिकाएं बांटी थीं। आसाराम बलात्कार के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। इस बात की जानकारी गुरुवार को अधिकारियों ने दी है।
यह घटना 26 अक्टूबर को रघुनाथपुर गांव स्थित स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में हुई। स्कूल में 100 से ज्यादा छात्र हैं और आरोप है कि ये पुस्तिकाएं 25-30 छात्रों को बांटी गईं। यह मामला 27 अक्टूबर को सामने आया। बच्चे इन पुस्तिकाओं को अपने घर ले गए और एक अभिभावक ने शिक्षा विभाग के सामने इस मुद्दे को उठाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए। इनमें छात्र ये पुस्तिकाएं पकड़े हुए दिखाई दे रहे थे। इसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए। एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि आसाराम के अनुयायियों के स्कूल दौरे के दौरान, प्रिंसिपल की मौजूदगी में ‘संस्कार सरिता’, ‘व्रत नियम’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ जैसी पुस्तिकाएं बांटी गईं।
ऐसी सामग्री का वितरण नहीं किया जाना चाहिए
एक अभिभावक ने मीडिया को बताया कि इन पुस्तिकाओं में या तो आसाराम के विचारों का प्रचार किया गया था या फिर उनके अनुयायियों के बारे में जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा, “चूंकि वह गंभीर अपराधों के लिए जेल की सजा काट रहा है और सरकार ने उसके आश्रमों को जब्त कर लिया है, इसलिए ऐसी सामग्री का वितरण नहीं किया जाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “इसके बावजूद, उससे जुड़ी पुस्तिकाएं छात्रों को दी गईं। हम इसका कड़ा विरोध करते हैं और प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।” बलरामपुर के जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र निरापुरे ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच करने और रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर, प्रिंसिपल महेश प्रजापति को स्कूल से हटाकर कलेक्टर कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। निरापुरे ने कहा, “प्रिंसिपल ने अपने बचाव में कहा कि उन्हें इन किताबों की सामग्री के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि जो लोग किताबें बांटने आए थे, उन्होंने उन्हें यह कहकर गुमराह किया कि वे बस कुछ किताबें बांटना चाहते हैं और प्रिंसिपल ने उन्हें ऐसा करने की अनुमति दे दी।”
आसाराम आजीवन कारावास की सजा काट रहा
इस साल 27 मई को राजस्थान हाई कोर्ट ने 2018 के निचली अदालत के उस आदेश को बरकरार रखा, जिसमें आसाराम को 2013 में जोधपुर स्थित अपने आश्रम में एक नाबालिग के साथ बलात्कार करने का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
यह भी पढ़ें: आसाराम को गुजरात हाईकोर्ट से झटका, बीमार पत्नी को देखने के लिए मांगी गई 20 दिन की अस्थाई जमानत याचिका खारिज
राजस्थान के जोधपुर में एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम को गुजरात हाईकोर्ट से झटका लगा है। दरअसल, हाईकोर्ट ने आसाराम की 20 दिन की अस्थायी जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। आसाराम ने मानवीय आधार पर बीमार पत्नी को देखने के लिए राहत मांगी थी, लेकिन उन्हें यह राहत नहीं मिली है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
