Meenakshi Natarajan Controversy: मध्य प्रदेश के राज्यसभा चुनावों को लेकर तीन में से एक सीट के लिए कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को प्रत्याशी बनाया था। उनके नामांकन में एक केस की जानकारी न देने के चलते चुनाव आयोग ने नामांकन रद्द कर दिया है। यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट चला गया है। इस मुद्दे पर अब हैदराबाद से लोकसभा सांसद और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी की प्रतिक्रिया आई है।

असदुद्दीन ओवैसी ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन से जुड़े विवाद पर कहा कि अगर नामांकन में FIR से जुड़ी जानकारी नहीं दी जाती है, तो निश्चित तौर पर नामांकन रद्द हो ही जाएगा। हालांकि, इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि मीनाक्षी के खिलाफ कोई भी FIR ही दर्ज नहीं है।

ओवैसी ने क्या-क्या कहा?

लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “चुनाव आयोग के नामांकन फॉर्म के संबंध में यदि आपके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज है, तो आपको उसका खुलासा करना आवश्यक है। अब, वह दावा कर रही हैं कि कोई एफआईआर दर्ज नहीं है। इस संबंध में चुनाव आयोग से मिलना होगा।”

दूसरी ओर इस मुद्दे पर राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी के बयान का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा, “सिंघवी का कहना है कि उनके (मीनाक्षी नटराजन) खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं है; यह केवल एक निजी शिकायत थी। यदि कोई एफआईआर नहीं है, तो क्या कार्रवाई की जा सकती है? बीएनएसएस से पहले यदि आप अदालत में शिकायत दर्ज करते थे, तो अदालत उसे संदर्भित करती थी और एफआईआर दर्ज करने का आदेश देती थी।”

‘सच्चाई का पता नहीं’

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “मैंने अखबारों में अभिषेक मनु सिंघवी के बयान के बारे में पढ़ा और सुना है कि उनका कहना है कि उनके खिलाफ कोई एफआईआर नहीं है; केवल एक निजी शिकायत थी, और उन्हें अदालत में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था। मुझे पूरी सच्चाई नहीं पता।”

गौरतलब है कि मीनाक्षी नटराजन मामले में कांग्रेस के सुप्रीम कोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, “आखिरी उम्मीद सुप्रीम कोर्ट से ही है। न्यायालय से ही हमें उम्मीद है और पूरा विश्वास है। न्यायालय कोई भी फैसला कर सकती है, हमें पूरा विश्वास है।”

यह भी पढ़ें: टीएमसी-कांग्रेस में विलय की खबरों में कितनी सच्चाई? ममता बनर्जी के करीबी सांसद ने दी स्पष्ट जानकारी

टीएमसी में बड़ी टूट हुई है। पहले 60 से अधिक विधायकों ने बगावत की और फिर सांसदों ने की। पार्टी के आधे से अधिक सांसद बगावत कर चुके हैं। टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद टीएमसी के कांग्रेस में विलय की ख़बरें सामने आने लगी। हालांकि अधिकारिक तौर पर किसी दल की ओर से कुछ नहीं कहा गया। इस बीच टीएमसी के वरिष्ठ नेता और सांसद सौगात रॉय ने कांग्रेस में विलय को लेकर बड़ा बयान दिया है। पढ़िए पूरी खबर…