Uttarakhand Gym Owner Mohammad Deepak News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटद्वार प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उन लोगों को बढ़ावा देती है जो अपनी पहचान बदलकर समाज में भ्रम की स्थिति पैदा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी के नाम के आगे क्या जुड़ा है, इससे उन्हें कोई आपत्ति नहीं, लेकिन जैसे ही ‘दीपक’ ने अपने नाम के साथ ‘मोहम्मद’ जोड़ा, तो उन्हें अपने आवास पर आमंत्रित कर लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कोटद्वार की घटना का हवाला देते हुए कहा, “थोड़े दिन पहले यहीं आपके पड़ोस में कोटद्वार की घटना है। अपने नाम के आगे कोई कुछ भी लगा ले हमें क्या लेना-देना है। अब वो अपने नाम के आगे मोहम्मद लगा लेता है तो उन्हें कांग्रेस पार्टी के युवराज अपने महल में बुलाते हैं और ऐसे लोगों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन करते हैं। कल मुझे भी टीवी वाले पूछ रहे थे मैने कहा भाई वो दीपक था तब तक आपने उनको नहीं बुलाया। जैसे ही उसने अपने नाम के आगे दीपक लगा लिया तो आपने उसे इफ्तार पार्टी के लिए बुला लिया।”
उत्तराखंड में कांग्रेस की दाल नहीं गलने वाली- सीएम धामी
उत्तराखंड के सीएम धामी ने कहा, “अब कांग्रेस के युवराज बताएं कि उन्होंने हमारी कितनी हमारी मुस्लिम बहनें हैं, जो तीन तलाक से पीड़ित हैं, हलाला से पीड़ित हैं और बहुविवाह से पीड़ित हैं। कई सारी कुरीतियों से पीड़िता हैं, क्या उन्होंने किसी का हाल जाना। उनके मुंह पर ताला लगा हुआ था, उन्होंने कभी नहीं बोला। मैं आपको बताऊं मैं पूरे प्रदेश के अंदर जाता हूं, इतनी सारी मुस्लिम बहनें मिलती हैं और वो कहती हैं कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आपकी सरकार ने उत्तराखंड में जो ये यूसीसी का कानून लाए उससे हमें इन कुरीतियों से छुट्टी मिली है। हम आपका धन्यवाद करते हैं। मैं इन कांग्रेस के साहबजादे को बताना चाहता हूं कि ये देवभूमि है और यहां का बच्चा-बच्चा राष्ट्रवाद की भावाओं के साथ बड़ा होता है। देवभूमि उत्तराखंड के अंदर उनकी दाल नहीं गलने वाली है। उत्तराखंड के लोग इस तरह की मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
राहुल गांधी से मिले थे मोहम्मद दीपक
बता दें कि 26 जनवरी को दीपक ने उन लोगों के एक ग्रुप का विरोध किया जो पार्किंसंस बीमारी से पीड़ित 70 साल के मुस्लिम दुकानदार को परेशान कर रहे थे और उनसे दुकान के नाम से “बाबा” शब्द हटाने की मांग कर रहे थे। इस झड़प के दौरान, जब उनसे उनका नाम पूछा गया, तो उन्होंने भीड़ को बताया कि उनका नाम मोहम्मद दीपक है। इस झड़प का वीडियो वायरल हो गया। इससे दीपक सुर्खियों में आ गए। इसके बाद राहुल गांधी से दीपक कुमार ने मुलाकात की।
राहुल गांधी ने दीपक कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “करोड़ों भारतीयों के दिलों में सद्भाव और मोहब्बत की विचारधारा है, मगर मन में भय भी है – दीपक ने उन सभी को अपने साहस से राह दिखाई है। जो लोग नफरत फैलाकर समाज को डराने की कोशिश करते हैं, वो दरअसल कायर होते हैं, उनसे कभी भी डरो मत। दीपक ने हमारे तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। नफरत के सामने डटकर खड़ा हुआ, कमजोर की हिफाजत की -इससे बड़ी देशभक्ति नहीं होती।”
यह भी पढ़ें: ‘मोहम्मद दीपक’ के जिम में पहले थे 150 मेंबर, अब केवल 15 बचे, बोले- ईमानदारी की कीमत चुकानी पड़ रही
दीपक कुमार के जिम के कई मेंबर कम हो गए हैं। उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि कोटद्वार में हल्क जिम, जो एक किराए की बिल्डिंग में चलता है और जिसमें कभी 150 मेंबर थे, अब वहां रोज़ाना सिर्फ़ 15 लोग आते हैं। पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें…
