आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से जबरन उठाकर ले जाने की घटना पर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को कार्रवाई करने के बजाय सोनम वांगचुक से बातचीत करनी चाहिए थी।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, “मोदी जी ने अहंकारवश आज सोनम वांगचुक का अपमान किया। मोदी जी को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी।”
जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले गई पुलिस
राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन स्थल पर शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम सादे कपड़ों में पहुंची। वहां 21 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को पुलिस अपने साथ सफदरजंग अस्पताल लेकर गई। इस दौरान मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया।
‘अहंकार छोड़कर संवाद करना चाहिए था’
केजरीवाल ने कहा कि किसी भी सरकार के लिए इतना अहंकार उचित नहीं है। उन्होंने कहा, “उन्हें जबरन उठाने की बजाय, मोदी सरकार को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी। कॉकरोच आंदोलन को कुचलने की बजाय, देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था सुधारो।”
‘यह मोदी सरकार की हार है’
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि सोनम वांगचुक के साथ की गई जबरदस्ती मोदी सरकार की हार को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में पुलिस भेजना और आंदोलन में शामिल बच्चों के साथ बदसलूकी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, “इतिहास गवाह है कि जिसने भी अहंकार किया है, उसका अंत अच्छा नहीं हुआ है।”
यह भी पढ़ें: ‘पीएम ने सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के लिए बदला दिल्ली पुलिस कमिश्नर’, संजय सिंह ने किया बड़ा दावा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को इसलिए बदला ताकि 20 जुलाई को संसद तक प्रस्तावित मार्च से पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को गिरफ्तार किया जा सके। गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को सतीश गोलचा के स्थान पर दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया। एक वीडियो मैसेज में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक कथित पेपर लीक से प्रभावित लाखों युवाओं की आवाज को उठाते हुए 21 दिनों की भूख हड़ताल पर थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
