दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में गुरुवार शाम अरविंद केजरीवाल पहुंचे। उन्होंने केंद्र सरकार से लोगों की बात सुनने की अपील की और कहा कि वह धर्मेंद्र प्रधान को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से हटा दें और सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बना दें।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल धरनास्थल पर पहुंचे जहां उन्होंने अभिजीत दीपके को गले लगाया और फिर वह सोनम वांगचुक के पास पहुंचे। अरविंद केजरीवाल ने सोनम वांगचुक से उनके स्वास्थ्य के बारे में बात की। इस दौरान भीड़ धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के नारे लगाती रही।
अहंकार में डूबे हुए ये लोग- केजरीवाल
इसके बाद अरविंद केजरीवाल मंच पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को उन्होंने संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार से कहा, युवाओं की बात सुन लो, कॉकरोच आंदोलन की बात सुन लो, सोनम वांगचुक की बात सुन लो नहीं तो आज से तीन साल बाद आपका वही हश्र होगा जैसा 2014 में हुआ था। ये भी अभी अहंकार में डूबे हुए हैं बहुत ज्यादा, इनको भी अक्ल नहीं आ रही। ये भी बहुत ज्यादा अहंकार में डूबे हुए हैं।
केंद्र को दिया प्रस्ताव
इसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव देते हुए प्रदर्शनकारियों से कहा, अंत में मैं एक प्रस्ताव देता हूं और आप सभी की सहमति चाहता हूं कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए लेकिन सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों से हामी भराते हुए कहा कि होना चाहिए कि नहीं होना चाहिए। आगे कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री जी से कहना चाहता हूं कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाओ और सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाओ। आगे कहा कि लोगों को पता है कि प्रधानमंत्री जी सुनने वाले नहीं है।
डिम्पल यादव भी पहुंची जंतर-मंतर
अरविंद केजरीवाल से पहले अखिलेश यादव की पत्नी और सपा सांसद डिम्पल यादव भी जंतर-मंतर पर पहुंची और उन्होंने सोनम वांगचुक से मुलाकात की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिया कि 20 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र में समाजवादी पार्टी संसद में नीट मामले के मुद्दे को उठाएगी।
सोनम वांगचुक की कैसी है हालत?
सीजेपी ने सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का 19वां दिन भी उनकी सेहत को लेकर एक हेल्थ बुलेटिन जारी किया, जिसमें डॉक्टर ने बताया कि उपवास के कारण सोनम वांगचुक का 9 किलो से ज्यादा वजन घट चुका है। 19वें दिन उनका ब्लड शुगर 80 mg/dL, पल्स 72 प्रति मिनट, जबकि ब्लड प्रेशर लेटने पर 105/61 mmHg और बैठने पर 101/65 mmHg दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: भीड़ कम, शोर ज्यादा…अभिजीत दीपके से हटकर सोनम वांगचुक पर केंद्रित हो चुका है कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में प्रोटेस्ट हो रहा है। इस प्रोटेस्ट की अगुवाई पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं। सीजेपी की प्रमुख मांगों में एक है, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा। सीजेपी चाहती है कि धर्मेंद्र प्रधान नीट-पीजी पेपरलीक की जिम्मेदारी लें और पद छोड़ें। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
