आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मांग उठाई कि ईंधन की कीमतों में कमी की जानी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि सरकार को पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 82 रुपये प्रति लीटर करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल कंपनियों को अनुचित मुनाफा कमाने का मौका दे रही है।
केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की प्रति बैरल कीमत घटी है लेकिन भारत में इस साल मई से पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है। मेरी मांग है कि पेट्रोल का दाम घटाकर 82 रुपये प्रति लीटर किया जाए और डीजल की कीमत भी कम की जाए।” उन्होंने कहा कि अगर पेट्रोल और डीजल की कीमतें घटाई जाती हैं तो महंगाई भी कम होगी।”
केजरीवाल ने कहा, ”2014 से अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कम-से-कम 6 बार गिरावट आई लेकिन सरकार ने देश में पेट्रोल के दाम नहीं घटाए। उन सालों में कमाए गए बंपर मुनाफे का क्या किया गया? कंपनियों को अनुचित मुनाफा नहीं कमाने देना चाहिए लेकिन मौजूदा ऊंची कीमतों के कारण यही हो रहा है।”
पेट्रोल 82 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध हो- केजरीवाल ने उठाई मांग
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, “हमारे देश में शुद्ध पेट्रोल 82 रुपये प्रति लीटर के रेट से मिलना चाहिए। अगर हम E20 ईंधन का इस्तेमाल शुरू करते हैं तो मेरा मानना है कि इसकी कीमत और भी कम होकर लगभग 70 रुपये प्रति लीटर हो जानी चाहिए जबकि वर्तमान में E20 पेट्रोल की कीमत 102 रुपये है। हम डीजल की कीमतों की गणना भी इसी तरह कर सकते हैं।”
आप संयोजक ने आगे कहा, “डीजल की कीमतें भी कम हो सकती हैं अगर पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम होती हैं तो मेरा मानना है कि इससे महंगाई पर काफी हद तक लगाम लगेगी और लोगों को राहत मिलेगी। इस देश की जनता की ओर से, मैं मांग करता हूं कि सरकार तुरंत 82 रुपये प्रति लीटर की दर से शुद्ध पेट्रोल की आपूर्ति शुरू करे और अगर E20 की आपूर्ति की जानी है तो कीमत और भी कम होनी चाहिए।”
यह भी पढ़ें: Exclusive: E20 पेट्रोल से माइलेज थोड़ा कम हो सकता है- गडकरी
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एथनॉल में पेट्रोल के मुकाबले कम ऊर्जा (Calorific Value) होती है। इसलिए जब पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा बढ़ती है, तो गाड़ी का औसत माइलेज थोड़ा कम हो सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह फर्क बहुत मामूली होगा। नितिन गडकरी ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर फैल रही E20 पेट्रोल से गाड़ियों को नुकसान की बातें भ्रामक हैं और उन्हें बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
