Arunachal Pradesh Landslide: अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के बाद आई प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के दो अलग-अलग जिलों में हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि भारतीय सेना के पांच जवान लापता हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, यह दोनों हादसे शुक्रवार शाम को ऊपरी सुबनसिरी और दिबांग घाटी जिलों में हुए।

सड़क निर्माण स्थल पर गिरा पहाड़

पहली दुर्घटना ऊपरी सुबनसिरी जिले के केओजारिंग-बयाचिंग रोड कटिंग साइट पर हुई, जहां अचानक हुए भारी भूस्खलन की चपेट में आने से कई मजदूर मलबे में दब गए। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में चार लोगों की मौत की भी पुष्टि हुई है। इनके नाम तादू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली हैं। बाबुल अली का शव मलबे से बाहर निकाल लिया गया है।

घटना के तुरंत बाद नाचो पुलिस स्टेशन की टीम को खोज व बचाव अभियान के लिए तैनात किया गया। इसके साथ ही दापोरीजो से दमकल विभाग और ‘राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल’ (SDRF) की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है।

पासु पानी कैंप में बहे सेना के 7 जवान, 5 अभी भी लापता

दूसरी दुर्घटना दिबांग घाटी जिले में स्थित पासु पानी सेना कैंप में हुई। भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ में भारतीय सेना की ‘5th ग्रनेडियर’ के दो शेल्टर बह गए। अधिकारियों ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि पानी का तेज बहाव 7 सैन्यकर्मियों को बहा ले गया।

रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 2 जवानों को सुरक्षित बचा लिया है, जबकि 5 जवान अभी भी लापता हैं। लापता जवानों की पहचान हवलदार उपेंद्र, और सैनिक कुंदन, विनोद, आदित्य व समुंदा के रूप में हुई है।

संयुक्त राहत-बचाव अभियान जारी

हादसे के चलते लापता 5 जवानों और प्रभावित लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। 5th ग्रनेडियर की दो समर्पित खोज व बचाव टीमों को तुरंत तैनात कर दिया गया है।

इसके अलावा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 58वीं बटालियन, GREF की 62 आरसीसी, स्थानीय नागरिकों और अरुणाचल प्रदेश पुलिस की टीमों को दुर्घटनास्थल पर भेजा गया है। पासीघाट से एसडीआरएफ की एक विशेष टुकड़ी भी अनिनी की ओर रवाना की गई है।

यह भी पढ़ें: इंडोनेशिया में 7.7 के भूकंप के झटकों से हिली धरती, सुनामी का भी है अलर्ट

इंडोनेशिया के तट पर शनिवार तड़के एक पावरफुल भूकंप आया, जिसके चलते अधिकारियों ने सुनामी की भी चेतावनी जारी की है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.7 थी और यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 5.58 बजे फ्लोरेस क्षेत्र में आया है। खबरों के मुताबिक, मुख्य भूकंप के बाद कई झटके लगे थे। पढ़िए पूरी खबर…