कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दोहराया कि दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद संगठन 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अनुमति दे या नहीं, प्रदर्शन होकर रहेगा। कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी का सामना करने के लिए भी तैयार होने की बात कही। अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक तौर पर इमरजेंसी लागू कर दी है।
प्रदर्शन से पहले उठाए गए कदमों पर सवाल उठाते हुए दीपके ने कहा, ”ये डर किस बात का है? आप इतना डर क्यों रहे हैं? आप देश के युवाओं से डर रहे हैं। आप ट्रेनें बंद कर रहे हैं, मेट्रो बंद कर रहे हैं तो आदमी क्या करे?”
उन्होंने सार्वजनिक परिवहन और सड़कों पर लगाई गई पाबंदियों से आम लोगों को होने वाली परेशानी पर भी सवाल उठाए। अभिजीत दीपके ने कहा, ”क्या दिल्ली नरेंद्र मोदी या अमित शाह की संपत्ति है? क्या यह उनकी पुश्तैनी संपत्ति है? एक तरफ आप कहते हैं कि प्रदर्शन की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है और दूसरी तरफ आप पूरी मेट्रो बंद कर देते हैं, पूरी रेलवे बंद कर देते हैं, सभी सड़कें बंद कर देते हैं। अब क्या लोगों को परेशानी नहीं होगी?”
दीपके ने कहा कि CJP के कार्यकर्ता प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने या गिरफ्तार होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ”कितने लोगों को हिरासत में लेंगे? मुझे गिरफ्तार करिए, हिरासत में लीजिए! सौरव तैयार है, आशुतोष तैयार है। मुझे गिरफ्तार करिए, हिरासत में लीजिए!”
‘जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए तय जगह, अनुमति की क्या जरूरत?’
पुलिस की अनुमति की जरूरत पर सवाल उठाते हुए दीपके ने संविधान के अनुच्छेद 19 का हवाला दिया और कहा कि जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल है। उन्होंने कहा, ”हमारा आंदोलन तो होकर रहेगा। जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए तय जगह है। आर्टिकल 19 हमें प्रोटेस्ट की परमिशन देता है, मौलिक अधिकार देता है। ऐसे में अनुमति लेने की क्या जरूरत है? 13 करोड़ वोट डिलीट करने से पहले क्या इन्होंने परमिशन ली थी जनता की?”
दीपके ने आगे कहा, ”कल मैं बेंगलुरु से आ रहा हूं जहां पर जिंदा लोगों को मृत घोषित कर दिया था, उनके वोट काटे गए थे। वो लोग जिंदा हैं, क्या उनसे पूछा था वोट काटने से पहले? क्या आप चाहते हैं कि चुनावों में धांधली करने वालों के खिलाफ हम आंदोलन भी न करें? ऐसा नहीं हो सकता। देश इस तरह नहीं चल सकता। देश का लोकतंत्र बचाने के लिए हम आंदोलन करेंगे।”
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाए। दीपके ने कहा, ”क्या ज्ञानेश कुमार ने परमिशन ली थी? 13 करोड़ वोट डिलीट करने से पहले क्या ज्ञानेश कुमार ने परमिशन ली थी? सुप्रीम कोर्ट ने तो फॉर्म 6 में बदलाव को मंजूरी भी नहीं दी थी। तो जब ज्ञानेश कुमार बिना किसी को बताए, बिना किसी से पूछे 13 करोड़ वोट डिलीट कर देते हैं, तब उनके खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए अनुच्छेद 19 के तहत हमें जो संवैधानिक अधिकार मिला है, उसके लिए अनुमति लेने की क्या जरूरत है?”
दीपके ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कम से कम 10 दिन पहले आवेदन देने की दिल्ली पुलिस की बात पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ”सरकार बहुत गंभीर है। मुझे लगता है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहना चाहिए। यह सरकार जिस तरह का डर दिखा रही है…”
इससे पहले दीपके ने दिल्ली आने वाली ट्रेनों और मेट्रो सेवाओं पर प्रस्तावित पाबंदियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, ”अगर युवाओं से डरते हैं तो पूरा देश ही बंद कर दीजिए।”
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं
जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं मिली है। दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सीजेपी ने विरोध-प्रदर्शन किए जाने की जानकारी देरी से दी। कम से कम 10 दिन पहले अनुमति की मंजूरी लेना जरूरी है।
