भारतीय सेना अपनी प्रस्तावित थिएटर कमान (Theatre Commands) को बेहतर रसद सहायता देने के लिए एक इंटिग्रेटेड लॉजिस्टिक्स सिस्टम डिवेलप कर रही है। द इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के मुताबिक, इस पहल का मकसद सेना की अलग-अलग शाखाओं में बंटी लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को एक साझा रक्षा प्रणाली में बदलना है।

इसके तहत रसद प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग जैसी तकनीकों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। रक्षा बल कुछ मामलों में पहले से ही उपकरणों की मरम्मत और रखरखाव की जरूरत का अनुमान लगाने के लिए डेटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा, संयुक्त लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को आसान बनाने के लिए पुराने वित्तीय ढांचे और खरीद प्रक्रिया में भी बदलाव किए जा रहे हैं।

रक्षा मंत्रालय के सैन्य मामलों का विभाग (Department of Military Affairs) इस पूरी पहल का नेतृत्व कर रहा है। इन योजनाओं की जानकारी विभाग के संयुक्त सचिव रियर एडमिरल कुणाल सिंह राजकुमार ने राज्यसभा सांसद डॉ. अजीत माधवराव गोपछड़े को लिखे एक पत्र में दी। गोपछड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अमेरिका की डिफेंस

लॉजिस्टिक्स एजेंसी (DLA) की तर्ज पर भारत में एक एकीकृत रक्षा लॉजिस्टिक्स और ईंधन प्रबंधन व्यवस्था बनाने पर विचार करने का अनुरोध किया था।

तीनों सेनाओं के लिए साझा लॉजिस्टिक्स सिस्टम

पत्र के मुताबिक, तीनों सेनाओं के लिए एक साझा लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट एप्लिकेशन (TLMA) विकसित किया जा रहा है। इसके जरिए सेना, नौसेना और वायुसेना के पास उपलब्ध सामान और उपकरणों के स्टॉक की जानकारी रियल टाइम में मिल सकेगी। इसका उद्देश्य तीनों सेनाओं के अलग-अलग एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ERP) सॉफ्टवेयर को आपस में जोड़ना भी है।

इसके अलावा, नाटो (NATO) की स्टॉक नंबर प्रणाली की तर्ज पर नेशनल डिफेंस कोडिफिकेशन सिस्टम (NDCS) बनाने पर काम चल रहा है। इससे रक्षा सामग्री की पहचान और वर्गीकरण को एक समान बनाया जा सकेगा।

देशभर में संयुक्त लॉजिस्टिक्स नोड्स स्थापित करने की भी योजना है। आगे चलकर संयुक्त गोला-बारूद डिपो, एयर स्टोर सप्लाई पार्क और सामग्री प्रबंधन से जुड़े संगठन भी विकसित किए जाएंगे।

PM गति शक्ति डिफेंस पोर्टल भी होगा तैयार

सैन्य मामलों के विभाग ने बताया कि PM गति शक्ति डिफेंस पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है। इसे राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति और यूनिफाइड लॉजिस्टिक्स इंटरफेस प्लेटफॉर्म (ULIP) के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

इसका उद्देश्य तीनों सेनाओं और अलग-अलग थिएटर कमान के बीच एक साझा लॉजिस्टिक्स इंटरफेस उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरी सामान और संसाधनों की आवाजाही और प्रबंधन बेहतर तरीके से हो सके।

तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए संयुक्त ऑपरेशंस लॉजिस्टिक्स कमेटी, संयुक्त सेवा अध्ययन समूह, संयुक्त कार्य समूह और अलग-अलग सेनाओं के रखरखाव से जुड़े कार्य समूह भी बनाए गए हैं। ये समूह लॉजिस्टिक्स से जुड़ी प्रक्रियाओं और कामकाज को एक जैसा और अधिक प्रभावी बनाने पर काम कर रहे हैं।

पत्र में कहा गया है कि अमेरिका की DLA की तर्ज पर भारत में संयुक्त लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करना रणनीतिक रूप से जरूरी है। रक्षा मंत्रालय ने इसे अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए अन्य कदम भी उठाए जा रहे हैं। पिछले साल सितंबर में कोलकाता में हुई संयुक्त कमांडर कॉन्फ्रेंस के दौरान तीन संयुक्त सैन्य स्टेशन स्थापित करने का फैसला घोषित किया गया था।

अमेरिका की डिफेंस लॉजिस्टिक्स एजेंसी की तर्ज पर बदलाव

सांसद गोपछड़े ने अपने पत्र में अमेरिका की डिफेंस लॉजिस्टिक्स एजेंसी (DLA) का उदाहरण दिया। यह अमेरिकी रक्षा विभाग के लिए एक केंद्रीय एजेंसी के रूप में काम करती है और तीनों सेनाओं की जरूरतों के मुताबिक रसद सहायता उपलब्ध कराती है।

यह एजेंसी ईंधन की आपूर्ति, सैन्य खरीद, स्पेयर पार्ट्स, लॉजिस्टिक्स में AI का इस्तेमाल, रक्षा उपकरणों के मानकीकरण, पेट्रोलियम उत्पादों की गुणवत्ता जांच, भंडारण और वैश्विक सप्लाई चेन का प्रबंधन करती है।

गोपछड़े ने कहा कि भारत में फिलहाल लॉजिस्टिक्स का प्रबंधन मुख्य रूप से अलग-अलग सैन्य शाखाओं के तहत होता है। इनमें आर्मी सर्विस कॉर्प्स, आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स, कॉर्प्स ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स, नौसेना की लॉजिस्टिक्स शाखाएं, वायुसेना की रखरखाव प्रणालियां, ईंधन डिपो और अलग-अलग खरीद एवं स्टॉक प्रबंधन व्यवस्थाएं शामिल हैं।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा, ”संयुक्त लॉजिस्टिक्स नोड्स (JLNs) और एकीकृत इन्वेंटरी सिस्टम जैसी उपयोगी पहल शुरू की जा चुकी हैं, लेकिन लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को और अधिक एकीकृत बनाकर तीनों सेनाओं के बीच तालमेल मजबूत करने की काफी गुंजाइश है।”

DLA की तर्ज पर चार सुधारों का सुझाव

गोपछड़े ने अमेरिकी DLA की तर्ज पर चार प्रमुख सुधारों का सुझाव दिया है।

  • एकीकृत रक्षा ईंधन प्रबंधन प्रणाली: सेना, नौसेना और वायुसेना के लिए ईंधन की खरीद, भंडारण, परिवहन और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था को एक साथ जोड़ना।

सुरक्षित सैन्य फ्यूल कार्ड सिस्टम: इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL), रक्षा ईंधन डिपो और RFID, GPS जैसी तकनीकों को जोड़कर एक डिजिटल प्रणाली बनाना। इससे पारदर्शिता बढ़ाने, ईंधन की बर्बादी और गड़बड़ियों को कम करने तथा लॉजिस्टिक्स प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिल सकती है।

  • AI आधारित लॉजिस्टिक्स और रखरखाव: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से स्पेयर पार्ट्स की जरूरत का पहले से अनुमान लगाना, सैन्य काफिलों की आवाजाही को बेहतर बनाना और उपकरणों के खराब रहने के समय को कम करना। इससे सीमावर्ती और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेना की तैयारियों को मजबूत किया जा सकेगा।

पेट्रोलियम उत्पादों की गुणवत्ता जांच का एकीकृत नेटवर्क: सैन्य इस्तेमाल वाले ईंधन और लुब्रिकेंट्स की गुणवत्ता जांच के लिए एक केंद्रीय व्यवस्था बनाना, ताकि बेहद ठंडे या गर्म मौसम में भी उपकरणों की विश्वसनीयता बनी रहे।

गोपछड़े ने कहा कि इन कदमों से प्रस्तावित एकीकृत थिएटर कमान को भी मजबूती मिल सकती है। इससे संयुक्त सैन्य अभियानों और राष्ट्रीय आपात स्थितियों के दौरान तीनों सेनाओं को बिना रुकावट जरूरी रसद सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।