BBC documentary : पीएम मोदी पर बनी BBC की डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ (BBC’s documentary India: The Modi Question) को लेकर चर्चा लगातार जारी है। इस ही बीच केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सवाल किया है कि इस डॉक्यूमेंट्री के निर्माताओं ने ब्रिटिश अत्याचारों पर डॉक्यूमेंट्री क्यों नहीं बनाई ? उन्होंने कहा कि भारत दुनिया भर में इतना अच्छा कर रहा है इसलिए ये लोग निराश महसूस कर रहे हैं। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि उन्हें कुछ लोगों के लिए दुख है क्योंकि वे न्यायपालिका के फैसलों पर नहीं बल्कि एक डॉक्यूमेंट्री पर भरोसा कर रहे हैं।
भारत में रहने वाले सब हिन्दू : आरिफ मोहम्मद खान
केरल के राज्यपाल ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि सर सैयद अहमद खान ने एक बार कहा था कि मुझे हिंदू धार्मिक शब्द नहीं लगता, यह एक भौगोलिक शब्द है। कोई भी जो भारत में पैदा हुआ है, जो भारत में उपजाया अन्न खाता है, जो भारत की नदियों से पानी पीता है, वह हिंदू कहलाने का हकदार है।
BBC Documentary Row: डॉक्युमेंट्री रिलीज़ होने के समय पर भी उठाया सवाल
केरल के राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मोदी पर बनाई गयी डॉक्यूमेंट्री को लेकर सवाल किया कि यह वह समय है जब भारत ने G20 की अध्यक्षता संभाली है। इस डॉक्यूमेंट्री को लाने के लिए इस विशेष समय को क्यों चुना गया है? आरिफ मोहम्मद खान ने कहा, ‘यह वह समय है जब भारत ने G20 की अध्यक्षता संभाल रहा है। इस डॉक्यूमेंट्री को रिलीज करने के लिए खास समय क्यों चुना गया है। यह डॉक्यूमेंट्री बनाने वाले भी वो लोग हैं जिन्होंने कहा था कि भारत टुकड़ों में बंट जाएगा और अपनी आजादी नहीं संभाल पाएगा।
BBC Documentary Row: स्क्रीनिंग को लेकर विवाद
प्रधानमंत्री मोदी पर बनी इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के बाद जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी (Jamia Millia Islamia), दिल्ली विश्वविद्यालय और अंबेडकर यूनिवर्सिटी में छात्रों का प्रदर्शन सामने आया था। जामिया के बाद बीबीसी डॉक्यूमेंट्री को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय में कला संकाय के बाहर प्रदर्शन कर रहे NSUI के छात्रों और सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में लिया था।
NSUI-KSU द्वारा फैकल्टी में पीएम मोदी पर आधारित बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग के आह्वान के मद्देनजर वहां CrPC की धारा 144 लगा दी गई थी। इससे पहले जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में स्क्रीनिंग से पहले बिजली काटे जाने और पथराव की खबर भी सामने आई थी।