UP Congress Reshuffle: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 के मद्देनजर प्रदेश टीम में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने आराधना मिश्रा उर्फ मोना को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। वहीं, इमरान मसूद को भी बड़ी जिम्मेदारी दी है। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अजय राय के पास थी।
कांग्रेस ने 17 अगस्त 2023 को अजय राय को यह जिम्मेदारी सौंपी थी, वह तब से यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष थे। अजय राय से पहले इस पद की जिम्मेदारी बृजलाल खाबरी के पास थी।
इमरान मसूद को सौंपी यह जिम्मेदारी
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल राव की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। वहीं आलोक प्रसाद और देवेंद्र निषाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दीं गई हैं। इसके इतर पार्टी ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता के तौर पर चौधरी वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति को भी मंजूरी दी है।
कौन हैं आराधना मिश्रा?
अध्यक्ष बनने से पहले आराधना मिश्रा ‘मोना’ प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता थीं। आराधना मिश्रा अभी प्रतापगढ़ की रामपुर खास से विधायक हैं। आराधना मिश्रा कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी के बेटी हैं। प्रमोद तिवारी अभी राज्यसभा से सांसद हैं और पार्टी के कद्दावर नेता हैं।
आराधना मिश्रा को प्रदेश राजनीति की अच्छी समझ रखने वाली नेता के तौर पर जाना जाता है। वह रामपुर खास से तीन बार की विधायक हैं। आराधना पहली बार 2014 के उपचुनाव में जीतीं थी। फिर इसके बाद 2017 और फिर 2022 के विधानसभा चुनाव में जीतकर वह सदन पहुंची। उन्हें राजनीति विरासत अपने पिता प्रमोद तिवारी से मिली है। प्रमोद तिवारी रामपुर खास से नौ बार विधायक रह चुके हैं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया। प्रतापगढ़ की इस सीट पर तिवारी परिवार का खासा दबदबा है। आराधना मिश्रा दो दशक से भी ज्यादा समय से प्रदेश राजनीति में सक्रिय हैं। इसके अलावा, उन्हें प्रियंका गांधी का काफी करीबी माना जाता है।
सवर्ण वोट साधने की कोशिश
कहा जा रहा कि पार्टी का प्रदेश में काफी लंबे समय समय से एक मजबूत ब्राह्मण चेहरे की जरूरत महसूस हो रही थी। कांग्रेस का मानना है कि शीर्ष पद पर ब्राह्मण चेहरा पार्टी के लिए भाजपा से नाराज सवर्ण वोटरों को लुभाने का काम कर सकता है। ऐसे में पार्टी ने इस कदम से महिला और सवर्ण वोट एकसाथ साधने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: ‘सचिन पायलट चाहते थे राजा की छुट्टी हो जाए’, इस्तीफे के बाद पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने किया दावा
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने दिल्ली में कहा कि वे राहुल गांधी से मिले और वहां उन्होंने पंजाब के बारे में उनके सवालों के जवाब दिया। साथ ही उन्होंने सचिन पायलट को लेकर कहा कि उन्होंने किया होगा कि राजा को पद से हटा दें। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
