पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल शांत होने का नाम नहीं ले रही। मंगलवार को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनके साथ धोखा किया गया, इस कारण वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी। इधर अनुपम खेर ने बंगाल भाजपा के अध्यक्ष के एक बयान पर जवाब देते हुए कहा कि भैया जी मैंने आपका क्या बिगाड़ा है।

क्यों चाहते हैं सिर पर बाल आ जाए- अनुपम खेर

अनुपम खेर ने हंसी वाली इमोजी लगाते हुए एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, अरे भैया जी (समिक भट्टाचार्य), मैंने आपका क्या बिगाड़ा है। आप क्यों चाहते हैं कि मेरे सिर पर बाल आ जाएं। मौजूदा हालात में जन्मों तक नहीं चाहूंगा। जय श्री राम। अनुपम खेर ने पोस्ट में समिक भट्टाचार्य के बयान का वीडियो भी लगाया है।

भाजपा अध्यक्ष ने क्या कहा था?

वीडियो में पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस जाने वाला था, तृणमूल कांग्रेस काल की कपाल पर लिखा गया था। ये कैसे आप टाल सकते हैं। आसमान जमीन पर आ सकता है, समंदर आसमान पर चढ़ सकता है। अनुपम खेर के सिर पर फिर से बाल उग सकते हैं, लेकिन टीएमसी सत्ता में नहीं आ सकती, ये हो ही नहीं सकती, जो होना था वो हो गया। अनहोनी को होनी करना दुनिया के बस की बात नहीं है।

टीएमसी को मिली करारी हार

पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी को कुछ 80 सीटें ही हासिल हुई हैं। इतना ही नहीं इस चुनाव में ममता बनर्जी खुद अपनी भवानीपुर की सीट भी गंवा चुकी है। चुनाव में भाजपा 207 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इधर कांग्रेस को महज दो सीटें हासिल हुई हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी भी अपनी सीट नहीं बचा सके हैं। भवानीपुर की सीट पर ममता को सुवेंदु अधिकारी से करारी हार मिली है।

इलेक्शन कमीशन मेन विलेन- ममता

इस हार के बाद ममता बनर्जी ने प्रेस कांफ्रेंस की और कहा कि वह चुनाव हारी नहीं हैं उन्हें चुनाव हराया गया है। भाजपा ने इलेक्शन कमीशन का इस्तेमाल कर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई भाजपा से नहीं बल्कि इलेक्शन कमीशन से थी। मैंने अपनी जिंदगी में इस तरह का चुनाव नहीं देखा। मैंने 2004 से इस तरह का अत्याचार नहीं देखा। इलेक्शन कमीशन मेन विलेन है।

इस्तीफा नहीं दूंगी- ममता बनर्जी

ममता ने आगे कहा कि अगर भाजपा ने निष्पक्ष चुनाव जीतकर हासिल की होती, तो उन्हें कोई शिकायत नहीं होती, लेकिन भाजपा ने ये जीत चुराई है। इसके बाद इस्तीफे के सवाल पर कहा, मेरा इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता। हम चुनाव हारे नहीं है। हम नैतिक रूप से चुनाव जीते हैं। मैं लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी। आगे की रणनीति पर पार्टी में चर्चा की जाएगी। मैं भाजपा के अत्याचारों को और बर्दाश्त नहीं करूंगी, मैं सड़कों पर उतरूंगी।

यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी ने इस्तीफा नहीं दिया तो क्या होगा? बंगाल में कैसे बनेगी नई सरकार, जानें क्या कहता है संविधान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों में बीजेपी की 207 सीटों के साथ प्रचंड जीत हुई। दूसरी ओर टीएमसी को महज 80 सीटें मिली हैं। ममता बनर्जी के लिए एक बड़ा झटका यह भी है कि वे भवानीपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव हार गई। आम तौर पर चुनाव हारने के बाद सीएम इस्तीफा देते हैं, फिर जब तक जीते हुए दल का सीएम नहीं बनता है, तब तक के लिए उन्हें कार्यवाहक सीएम नियुक्त किया जाता है लेकिन ममता बनर्जी ने ऐलान कर दिया है, कि सीएम पद से इस्तीफा ही नहीं देंगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें