West Bengal News: पश्चिम बंगाल में चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने सवाल किया कि क्या भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव से पहले एक औ पहलगाम हमले की योजना बना रखी है। ममता बनर्जी की टिप्पणी पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी ने कहा कि यह टिप्पणी अल्पसंख्यक वोट बैंक को खुश करने के मकसद से की गई है।

नादिया जिले के बेथुआदाहारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ममता बनर्जी ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा कोलकाता पर हमला करने की धमकी का जिक्र किया और सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूचबिहार की रैली में इस धमकी पर कोई भी प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी।

क्या चुनाव से पहले एक और पहलगाम जैसी घटना होगी- ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ने कहा, “पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि वे कोलकाता को निशाना बनाएंगे। नरेंद्र मोदी ने यह क्यों नहीं कहा कि हम कड़ी कार्रवाई करेंगे? इसका क्या कारण है? क्या योजना तैयार है? क्या चुनाव से पहले एक और पहलगाम जैसी घटना होगी।” सीएम बनर्जी ने आगे कहा, “अगर कोई कोलकाता को निशाना बनाने की बात करता है, तो हम भारतीय नागरिक इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। आप चुपचाप बैठे रहिए। क्या आपको शर्म नहीं आती? आपको इस्तीफा देना होगा।”

बीजेपी ने किया पलटवार

भारतीय जनता पार्टी ने सीएम ममता बनर्जी की टिप्पणी पर पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बर्बर पहलगाम आतंकी हमले को एक स्क्रिप्ट, एक खाका बताया! वोट बैंक को खुश करने के लिए टीएमसी ने पहलगाम को एक स्क्रिप्ट तक कह दिया, जिसमें पाकिस्तानी आतंकवादियों ने निर्दोष हिंदुओं की हत्या कर दी। हिंदू विरोधी टीएमसी।”

ख्वाजा आसिफ ने क्या कहा था?

बता दें कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि भारत द्वारा भविष्य में किसी भी प्रकार के दुस्साहस की स्थिति में इस्लामाबाद कोलकाता पर हमले के साथ जवाब देगा। सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए आसिफ ने कहा, “अगर भारत इस बार कोई ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम इसका सामना कोलकाता तक करेंगे।”

भवानीपुर में बढ़ी ममता बनर्जी की मुश्किल

बंगाल विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और इस बार भवानीपुर बंगाल चुनाव का मुख्य केंद्र बन चुका है। यहां से टीएमसी सुप्रीमो और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं तो वहीं भाजपा ने अपने कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी को भवानीपुर से मैदान में उतारा है। 2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम से हरा दिया था। ऐसे में इस बार सुवेंदु अधिकारी बनाम ममता बनर्जी की फाइट काफी दिलचस्प हो गई है। टीएमसी ममता बनर्जी की बड़ी जीत का दावा कर रही है तो वहीं सुवेंदु भी कह चुके हैं पिछली बार नंदीग्राम से हराया था, इस बार भवानीपुर से हराएंगे। पढ़ें पूरी खबर…