तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व चीफ के. अन्नामलाई पार्टी छोड़ेंगे या नहीं, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। अन्नामलाई जहां बीजेपी छोड़कर अपने रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो वहीं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनसे उनके प्रस्तावित इस्तीफे पर फैसला करने के लिए समय मांगा है।

अन्नामलाई ने मंगलवार सुबह को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महाससचिव संगठन बीएल संतोष से मुलाकात की थी। इसके बाद वह दोपहर में गृह मंत्री अमित शाह से भी मिले। माना जाता है कि बीएल संतोष अन्नामलाई के मेंटर है।

सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के टॉप नेताओं के साथ मीटिंग में अन्नामलाई ने बीजेपी से सौहार्दपूर्ण ढंग से अलग होने की इच्छा व्यक्त की। इसके साथ ही भविष्य में जरूरत पड़ने पर पार्टी के साथ मिलकर काम करने का विकल्प भी खुला रखा।

अन्नामलाई के मामले की जानकारी रखने वाले बीजेपी नेताओं ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि जब वह वापस चेन्नई जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट के रास्ते में थे, तब उन्हें वापस चर्चा के लिए बुलाया गया।

यह पता चला है कि बीजेपी नेतृत्व चाहता है कि अन्नामलाई बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने के अपने फैसले पर विचार करें। अगर बीजेपी लीडरशिप अन्नामलाई को पार्टी में बने रहने के लिए मना लेती है तो यह बीजेपी के संगठनात्मक अनुशासन को देखते हुए बेहद हैरान करने वाला होगा।

अन्नामलाई ने बीजेपी के सामने क्या मांग रखी?

अन्नामलाई ने बीजेपी की शीर्ष लीडरशिप से उन्हें फिर से तमिलनाडु की कमान देने की मांग की है। इसके अलावा अन्नामलाई चाहते हैं कि वह बीजेपी अध्यक्ष के रूप में कम से कम सात साल तक बिना किसी दखल के पूरी आजादी से काम करने का अधिकार दिया जाए या फिर उन्हें राजनीति में अपना अलग रास्ता चुनने की अनुमति दे दी जाए।

सूत्रों का कहना है कि अन्नामलाई तमिलनाडु में अपनी नई पार्टी लॉन्च करने पर विचार कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई का कहना है कि तमिलनाडु की राजनीति में अभी भी राष्ट्रीय पार्टियों के लिए कोई खास जगह नहीं है। इसलिए एक नई पार्टी (जो समाज के अलग-अलग वर्गों की समस्याओं पर ध्यान दे) एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर सकती है।

यह भी पढ़ें: बीजेपी के लिए क्यों खास हैं अन्नामलाई?

के. अन्नामलाई पिछले 6 साल से बीजेपी के सदस्य हैं और वे पार्टी के महत्वाकांक्षी प्रयोगों वाले नेता माने जाते थे। वे युवा, वाक्पटु, ऊर्जावान, मीडिया के प्रति सजग और प्रभावशाली व्यक्तित्व वाले थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें