तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने अपनी नई राजनीतिक पारी का औपचारिक ऐलान कर दिया है। उनकी वेबसाइट “The Movement Belongs to the People” पर लोगों की सक्रिय भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वेबसाइट पर सक्रिय सदस्यों की संख्या 2.71 लाख से अधिक हो चुकी है।
अन्नामलाई की इस वेबसाइट के अबाउट सेक्शन में लिखा गया है कि स्वयंसेवक इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत हैं। ये स्वयंसेवक समुदायों को सशक्त बनाने, नेतृत्व क्षमता को विकसित करने और समाज में सार्थक बदलाव लाने के लिए काम करते हैं।
अन्नामलाई की नई मुहिम
वेबसाइट के जरिए अन्नामलाई ने लोगों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील भी की है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि स्थानीय स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से एक बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
इस्तीफा देते वक्त भी अन्नामलाई ने कई मुद्दों पर जोर दिया था। बीजेपी छोड़ने पर उन्होंने कहा था कि मैंने भाजपा नेतृत्व को पहले ही बता दिया था कि मेरी राजनीतिक सोच और आगे का रास्ता अलग है। तमिल समाज की परंपरा रही है कि मतभेद होने पर उसे स्पष्ट रूप से बताया जाए। इसलिए मैंने अपनी बात नेतृत्व के सामने रखकर इस्तीफा दिया। पिछले डेढ़ साल के दौरान मैंने कई मुद्दों पर अपनी राय पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाई लेकिन मेरी बातों को पर्याप्त महत्व नहीं मिला। अब भविष्य की ओर बढ़ने और नई राजनीतिक दिशा तय करने का सही समय आ गया है।
बीजेपी ने अन्नमलाई के इन आरोपों का खंडन किया था। तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा कि मैं किसी के भी इस्तीफे पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करना चाहता। बीजेपी कोई ऐसा दल नहीं है, जो हाल ही में बना हो। यह एक विचारधारा-आधारित पार्टी है और इस तरह की घटनाओं का पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने आगे कहा, “लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राजनीतिक पार्टी या आंदोलन शुरू करने का अधिकार है।”
ये भी पढ़ें- ‘गलत बोल रहे हैं अन्नामलाई’, इस्तीफे के तुरंत बाद हमलावर हुई बीजेपी
