तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि अब उनका रास्ता अलग होगा और वे एक नया राजनीतिक आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि वह 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी के साथ मैदान में उतरेंगे।

अब तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने अन्नामलाई के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “मैं किसी के भी इस्तीफे पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करना चाहता। बीजेपी कोई ऐसा दल नहीं है, जो हाल ही में बना हो। यह एक विचारधारा-आधारित पार्टी है और इस तरह की घटनाओं का पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।” उन्होंने आगे कहा, “लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राजनीतिक पार्टी या आंदोलन शुरू करने का अधिकार है।”

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई पर भड़के

नागेंद्रन ने अन्नामलाई के उन आरोपों को भी खारिज किया जिनमें उन्होंने कहा था कि तमिलनाडु के अधिकारों और हितों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। नागेंद्रन के मुताबिक, यह आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी किसी देश के दौरे पर गए हैं, उन्होंने तमिलनाडु का जिक्र किया है। तमिलनाडु की जनता के प्रति भाजपा हमेशा सजग और प्रतिबद्ध रही है।”

वैसे इस्तीफा देते वक्त अन्नामलाई ने कई मुद्दों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि मैंने भाजपा नेतृत्व को पहले ही बता दिया था कि मेरी राजनीतिक सोच और आगे का रास्ता अलग है। तमिल समाज की परंपरा रही है कि मतभेद होने पर उसे स्पष्ट रूप से बताया जाए। इसलिए मैंने अपनी बात नेतृत्व के सामने रखकर इस्तीफा दिया। पिछले डेढ़ साल के दौरान मैंने कई मुद्दों पर अपनी राय पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाई लेकिन मेरी बातों को पर्याप्त महत्व नहीं मिला। अब भविष्य की ओर बढ़ने और नई राजनीतिक दिशा तय करने का सही समय आ गया है।

ये भी पढ़ें- अन्नामलाई अकेले दम पर लड़ेंगे अगला चुनाव