तमिलनाडु के पूर्व भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष से मंगलवार को मुलाकात की और उनसे अपने इस्तीफे पर बात की। यह चर्चा गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी मुलाकात के साथ समाप्त हुई। ये मुलाकातें अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच हो रही हैं।
खबरों के मुताबिक, पूर्व आईपीएस अधिकारी एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने की योजना बना रहे हैं, जिसका दृष्टिकोण उनके सहयोगियों के अनुसार धर्मनिरपेक्ष और तमिल फर्स्ट है।
आज रात होगी चर्चा
न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के अनुसार, “तमिलनाडु BJP के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने नितिन नवीन से मुलाकात के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। उन्होंने उनके इस्तीफे के मामले पर चर्चा की; हालाँकि, अभी तक अन्नामलाई ने औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है। आज रात, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और के. अन्नामलाई संभवतः इसी मुद्दे पर आगे और चर्चा करेंगे। कल या परसों, के. अन्नामलाई तमिलनाडु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।”
छह से आठ महीने में शुरू हो सकती है पार्टी
सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित संगठन को छह से आठ महीनों के भीतर शुरू किया जा सकता है और यह तमिलनाडु में भाजपा और द्रविड़ियन प्रमुख दलों दोनों के विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करने की कोशिश करेगा।
अन्नामलाई के करीबी लोगों ने कहा कि वे एक ऐसे राजनीतिक मंच बनाना चाहते हैं, जो तमिल पहचान को राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ जोड़ता है।
कई पहलुओं से अन्नामलाई थे नाखुश
यह घटनाक्रम तमिलनाडु में भाजपा की राजनीतिक रणनीतिक को लेकर अन्नामलाई और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के बीच महीनों से चल रहे मतभेद के बाद सामने आया है। सूत्रों के अनुसार भाजपा द्वारा एआईएडीएमके के साथ दोबारा गठबंधन करने के फैसले और हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों से पहले उम्मीदवारों के चयन के कुछ पहलुओं से अन्नामलाई नाखुश थे।
बीजेपी नेतृत्व ने मांगी है कुछ दिनों की मोहलत
इधर खबरों के मानें तो बीजेपी ने अन्नामलाई से उनके द्वारा बताई गई बातों पर विचार करने के लिए कुछ दिन की मोहलत मांगी है। साथ ही एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा नेतृत्व को पूर्व विश्वास है कि वो अन्नामलाई को मना लेंगे, लेकिन सूत्रों का दावा है कि वह अब पीछे नहीं हटेंगे। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि भाजपा ने अन्नामलाई को राज्यसभा सीट की ऑफर की लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें: Vijay vs Annamalai: क्या तमिलनाडु में फिर दिखेगी एमजीआर-करुणानिधि जैसी राजनीतिक लड़ाई की झलक?
तमिलनाडु के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई है। इस बीच अन्नामलाई के कुछ समर्थक इसकी तुलना तमिलनाडु के इतिहास की सबसे बड़ी दुश्मनी से कर रहे हैं यानी पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन (MGR) और एम करुणानिधि के बीच मुकाबले का जिक्र हो रहा है। अन्नामलाई के करीबी सूत्रों का कहना है कि अगर वह बीजेपी छोड़कर अपनी पार्टी बनाते हैं, तो तमिलनाडु में राज्य के दो सबसे लोकप्रिय लोगों TVK के विजय और के अन्नामलाई के नेतृत्व वाली दो गैर-द्रविड़ पार्टियों के बीच मुकाबला हो सकता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
