Raghav Chadha Left AAP: दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है, क्योंकि राघव चड्ढा सहित राज्यसभा के कुल 7 सांसदों ने AAP छोड़ी और बीजेपी में शामिल हो गए। राघव और अन्य संसदों के इस कदम पर अब अरविंद केजरीवाल के गुरू यानी अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया आई है और उन्होंने AAP चीफ केजरीवाल पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले राज्यसभा सांसदों में राघव चड्ढा के अलावा संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल, अशोक मित्तल, राजिंदर गुप्ता, विक्रम साहनी और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह का नाम भी शामिल है। इन दिग्गजों को लेकर अन्ना हजारे ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी (AAP) ‘सही’ रास्ते पर चलती तो राघव चड्ढा और पार्टी के छह अन्य राज्यसभा सदस्य पार्टी नहीं छोड़ते।

अन्ना हजारे ने जताई परेशानी वाली आशंका

अन्ना हजारे ने महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में पत्रकारों से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्हें (राघव चड्ढा और अन्य 6 राज्यसभा सांसद) कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा होगा, इसीलिए वे चले गए।

राघव के बीजेपी में जाने को लेकर अन्ना हजारे ने कहा कि यह उनकी (आप नेतृत्व की) गलती है। अगर पार्टी ने सही राह अपनाई होती, तो वे पार्टी नहीं छोड़ते। समाजसेवी अन्ना हजारे ने कहा कि राघव चड्ढा और अन्य लोगों को आप के भीतर कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा होगा और इसीलिए उन्होंने पार्टी छोड़ी।

राघव ने लगाए AAP पर आरोप

राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़ने के साथ ही पार्टी की लीडरशिप पर गंभीर आरोप भी लगाए और यह तक कह दिया कि वे आदमी सही हैं लेकिन गलत पार्टी में हैं। उन्होंने पार्टी पर भ्रष्टाचार से संबंधित आरोप भी लगाए। कुछ ऐसे ही आरोप राघव चड्ढा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद संदीप पाठक ने भी लगाए। इसके बाद ही ये सभी नेता बीजेपी दफ्तर पहुंचे जहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।

AAP ने बताया BJP का ऑपरेशन लोटस

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने राघव और अन्य 6 सांसदों के बीजेपी में जाने को बीजेपी का ‘ऑपरेशन लोटस’ करार दिया है। पार्टी का आरोप है कि ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का भय दिखाकर आप के नेताओं को तोड़ने की साजिश रची गई है। आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि ऑपरेशन लोटस के माध्यम से भाजपा पंजाब की भगवंत मान सरकार को अस्थिर करना चाहती है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने इसे पंजाब के लोगों के साथ सबसे बड़ा धोखा करार दिया है।

‘सही आदमी गलत पार्टी में’ राघव चड्ढा ने 7 सांसदों के साथ छोड़ी AAP, BJP में होंगे शामिल

rajya sabha | raghav chadha | sandeep pathak | latest news | arvind kejriwal | aap news
Raghav Chadha Left AAP: राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल को दिया बड़ा झटका (Image Source: ANI)

आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है क्योंकि पार्टी का बड़ा चेहरा रहे राघव चड्ढा ने अपने राज्यसभा के 6 साथियों के साथ AAP छोड़ दी है। राघव के साथ आप छोड़ने वाले साथियों में संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता का नाम भी है। पढ़िए पूरी खबर…