देश की राजधानी दिल्ली में स्थित जंतर-मंतर दशकों से लोकतंत्र, जनआंदोलन और विरोध की आवाज का प्रतीक रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे के आंदोलन से लेकर निर्भया कांड के बाद हुए प्रदर्शनों, तमिलनाडु के किसानों के संघर्ष और पहलवानों के धरने तक, इस जगह ने कई ऐतिहासिक आंदोलनों को अपने भीतर समेटा है।
यहां अलग-अलग वर्गों के लोगों ने अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने और सत्ता से जवाबदेही तय करने की कोशिश की। हालांकि, अब दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटाए जाने के बाद इसके भविष्य और लोकतंत्र में इसकी भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
समय देखने के यंत्रों से जनभावनाओं का केंद्र बनने तक का सफर
जंतर-मंतर का इतिहास केवल खगोलीय घटनाओं और समय की गणना करने वाले विशाल यंत्रों तक सीमित नहीं रहा है। समय के साथ यह स्थल देश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक समस्याओं और जनभावनाओं को समझने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया। यहां जुटने वाले प्रदर्शनकारियों ने भ्रष्टाचार, अन्याय, महिला सुरक्षा, किसानों की बदहाली, नस्लीय भेदभाव और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर आवाज उठाई।
जंतर-मंतर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि यहां आने वाले लोगों का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि देश का ध्यान उन समस्याओं की ओर आकर्षित करना भी था, जिन्हें वे लंबे समय से अनसुना महसूस कर रहे थे।
1993 में आर्थिक नीतियों के खिलाफ जुटे हजारों लोग
जंतर-मंतर पर हुए शुरुआती महत्वपूर्ण प्रदर्शनों में वर्ष 1993 का आंदोलन भी शामिल था। उस दौरान 33 संगठनों ने सरकार की आर्थिक नीतियों और सांप्रदायिकता के विरोध में ‘जेल भरो’ प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
संसद में भी इस प्रदर्शन का जिक्र हुआ, जहां एक सांसद ने दावा किया था कि इसमें करीब 25,000 लोग शामिल हुए थे। इस प्रदर्शन ने दिखाया कि जंतर-मंतर आम लोगों और विभिन्न संगठनों के लिए अपनी असहमति दर्ज कराने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका था।
अन्ना हजारे के आंदोलन ने देशभर में जगाई भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज
वर्ष 2011 में जंतर-मंतर देशव्यापी भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का केंद्र बन गया। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने 5 अप्रैल, 2011 को मजबूत जन लोकपाल विधेयक की मांग को लेकर पांच दिवसीय भूख हड़ताल शुरू की। उनका उद्देश्य भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए एक प्रभावी कानून बनवाना था।
इस आंदोलन को देशभर में व्यापक जनसमर्थन मिला। सरकार ने मंत्रियों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए संयुक्त मसौदा समिति बनाने पर सहमति जताई, ताकि प्रस्तावित कानून का मसौदा तैयार किया जा सके।
9 अप्रैल को अन्ना हजारे ने अपना अनशन समाप्त किया। यह आंदोलन उस दौर के सबसे चर्चित जन आंदोलनों में शामिल हुआ और जंतर-मंतर राजनीतिक जवाबदेही की मांग करने वाले अभियानों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा।
निर्भया कांड के बाद महिला सुरक्षा की मांग को लेकर उमड़ा जनसैलाब
दिसंबर 2012 में दिल्ली में चलती बस में एक युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और बर्बर हिंसा ने पूरे देश को झकझोर दिया था। गंभीर चोटों के कारण युवती की मौत हो गई। बाद में वह ‘निर्भया’ के नाम से पहचानी गई।
इस घटना के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में युवाओं और अन्य नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर पीड़िता के लिए न्याय और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाने की मांग की। जंतर-मंतर और उसके आसपास के इलाके इन प्रदर्शनों के महत्वपूर्ण केंद्र बने।
दिल्ली के रहने वाले डॉ. प्रणव राज सिंह ने पीटीआई से बातचीत में बताया कि निर्भया कांड के समय वह टीनएजर थे। इस घटना ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया था। उन्होंने कहा कि जब प्रदर्शन शुरू हुए तो उन्हें लगा कि उन्हें भी इसमें शामिल होकर अपना पक्ष रखना चाहिए। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे।
प्रणव के लिए जंतर-मंतर भारत में असहमति की परंपरा और चुने हुए जनप्रतिनिधियों को जवाबदेह ठहराने के नागरिक अधिकार का प्रतीक है।
नस्लीय भेदभाव के खिलाफ भी उठी आवाज
वर्ष 2014 में अरुणाचल प्रदेश के छात्र नीडो तानिया की मौत के बाद भी जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन हुए। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में कथित तौर पर मारपीट का शिकार हुए नीडो तानिया की मौत ने पूर्वोत्तर भारत के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव और हिंसा के मुद्दे को राष्ट्रीय चर्चा में ला दिया।
प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग करते हुए ऐसे हमलों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की। इस तरह जंतर-मंतर ने उन समुदायों की चिंताओं को भी मंच दिया, जिन्हें अक्सर भेदभाव और उपेक्षा का सामना करना पड़ता है।
कर्ज और सूखे से परेशान किसानों ने 41 दिनों तक किया प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर केवल राजनीतिक या सामाजिक मुद्दों को लेकर ही प्रदर्शन नहीं हुए। वर्ष 2017 में तमिलनाडु के किसानों ने यहां 41 दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का उद्देश्य कृषि संकट की ओर सरकार और देश का ध्यान आकर्षित करना था।
उन्होंने बढ़ते कर्ज, सूखे से हुए नुकसान और आजीविका से जुड़ी दूसरी समस्याओं के लिए राहत की मांग की। किसानों का यह प्रदर्शन इस बात का उदाहरण बना कि देश के दूरदराज के हिस्सों में रहने वाले लोग भी अपनी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए जंतर-मंतर तक पहुंचते रहे हैं।
पहलवानों के धरने से NEET विवाद तक, विरोध का सिलसिला जारी
वर्ष 2023 में जंतर-मंतर एक बार फिर बड़े विवाद के केंद्र में आया, जब ओलंपिक पदक विजेता सहित कई पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना दिया।
पहलवानों ने उन पर महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए और गिरफ्तारी सहित कार्रवाई की मांग की। इन आरोपों के बाद खेल प्रशासन, महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा और न्याय की प्रक्रिया को लेकर व्यापक बहस छिड़ी।
वर्ष 2024 में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ भी छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही तय करने की मांग की।
साल 2026 में NEET-UG पेपर लीक से जुड़ा विवाद फिर चर्चा में आया। इस मुद्दे को लेकर छात्रों और अन्य लोगों का आक्रोश जंतर-मंतर पर केंद्रित हुआ और फिर राजधानी की सड़कों तक फैल गया। इस घटनाक्रम के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की नौबत आई।
इन आंदोलनों ने एक बार फिर जंतर-मंतर की उस भूमिका को सामने रखा, जिसमें यह जगह जनता की नाराजगी, सवालों और बदलाव की मांग को सार्वजनिक मंच देती रही है।
जंतर-मंतर को विरोध स्थल की सूची से हटाने पर क्यों उठे सवाल?
दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटाए जाने के फैसले ने इसके महत्व को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अन्ना हजारे आंदोलन में शामिल रहीं रानी शर्मा का मानना है कि इस फैसले से असहमति दर्ज कराने के लिए उपलब्ध सार्वजनिक स्थान सीमित हो सकता है।
उन्होंने पीटीआई से कहा कि जंतर-मंतर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सत्ता के प्रमुख केंद्रों के नजदीक स्थित है। ऐसे में यहां अपनी आवाज उठाने वाले लोगों को लगता है कि उनकी मांगें उन संस्थानों तक पहुंच सकती हैं, जिनसे वे जवाब चाहते हैं।
रानी शर्मा के मुताबिक, जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध स्थल की सूची से हटाना असहमति जताने वाली आवाजों पर अंकुश लगाने जैसा है। उनके बयान ने इस सवाल को फिर से प्रासंगिक बना दिया है कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के लिए सार्वजनिक स्थानों की उपलब्धता कितनी जरूरी है।
सिर्फ भीड़ नहीं, आम आदमी की उम्मीदों का प्रतीक है जंतर-मंतर
जंतर-मंतर का महत्व केवल उन बड़े आंदोलनों तक सीमित नहीं है, जिनमें हजारों लोग शामिल हुए। समय-समय पर देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपनी शिकायतें लेकर यहां पहुंचते रहे हैं। इनमें ऐसे प्रदर्शनकारी भी शामिल रहे हैं, जो अपनी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की उम्मीद में अकेले ही लंबी दूरी तय करके दिल्ली आए।
कई लोगों के लिए जंतर-मंतर ऐसा मंच रहा है जहां वे अपनी आवाज को अनसुना किए जाने के खिलाफ खड़े हो सकते थे। यहां जुटने वाली भीड़ का आकार भले ही अलग-अलग रहा हो, लेकिन इसका महत्व उन संस्थानों के नजदीक होने की वजह से भी है जिनसे लोग जवाबदेही की उम्मीद करते हैं।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर अब नहीं होगा निर्धारित प्रदर्शन स्थल, दिल्ली पुलिस ने तय किए रामलीला मैदान समेत तीन नए स्थान
दिल्ली पुलिस ने धरना-प्रदर्शन के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। नए आदेश के तहत जंतर-मंतर अब आधिकारिक प्रदर्शन स्थल नहीं रहेगा और इसे डीनोटिफाइड कर दिया गया है। रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए तय किया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
यह भी पढ़ें: ‘अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा’, विरोध-प्रदर्शन की जगह बदलने पर अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया, सौरव दास बोले- यह मंजूर नहीं
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और धरना देने की जगहों को लेकर बदलाव किया गया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह की सूची से हटा दिया है और इसके स्थान पर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में नामित किया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
