आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक बड़ा हादसा हो गया है, यहां एक प्लांट में पिघले हुए स्टील रिसाव होने से करीबन 8 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा कि हादसा स्टील प्लांट के एमएमएस-2 और एसटीसी-3 फैसिलिटी में हुआ है। यहां बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील लेडल के फटने से रिसकर गिरने लगा, जिसके चपेट में प्लांट में काम करने वाले कुछ मजदूर आ गए।
आठ मजदूरों के हुई मौत
चूंकि पिघले हुए स्टील का तापमान बहुत अधिक था इसलिए सीधे संपर्क में आने वाले 8 मजदूरों की मौत हो गई है। हादसे के बाद प्लांट में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
विशाखापट्टनम स्टील प्लांट सर्किल इंस्पेक्टर केसव रावने ने इसकी जानकारी दी और कहा कि यह दुर्घटना पिघले हुए स्टील से भरा लेडल फटने से हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय पिघले हुए स्टील का तापमान करीब 1,600 डिग्री सेल्सियस के अधिक था।
आईएएनएस के मुताबिक, हादसे के बाद घायलों को सेवन हिल्स हॉस्पिटल ले जाया गया है।
मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने जताया दुख
इस दुर्घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख व्यक्त किया है और सभी संबंधित विभागों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
राज्य गृह मंत्री वांगलापुडी अनीता ने स्टील प्लांट में हुए हादसे को लेकर विशाखापट्टनम जिला कलेक्टर और सिटी पुलिस आयुक्त से बात की और हादसे की पूरी जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों से घायलों के बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे की जगह पर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा है। गृहमंत्री हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल के लिए निकल चुकी हैं और लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं।
साढ़े चार बजे हुई दुर्घटना
नाम न छापने की शर्त पर एक स्थानीय ट्रेड यूनियन नेता ने न्यूज आउटलेट एचटी को बताया कि यह घटना शाम करीब 4.30 बजे प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस) सेक्शन के तहत आने वाले कंटीन्यूअस कास्टिंग डिपार्टमेंट (सीसीडी) में हुई और आशंका है कि नौ लोगों की मौत हो गई है।
एक ट्रेड यूनियन नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “पिघला हुआ स्टील ले जा रहे एक लेडल में अचानक खराबी आ गई, जिससे बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील छलक गया। तीव्र गर्मी और उससे लगी आग ने आसपास के मजदूरों को फंसा लिया, जिससे कई लोग घायल हुए हैं।”
एक अन्य जानकारी के अनुसार, यह घटना एनटीसी-3 हीट एफ से संबंधित कार्यों के दौरान हुई। एक अन्य ट्रेड यूनियन नेता ने कहा, “लेडल उठाते समय बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील लीक हो गया, जिससे भीषण आग लग गई।”
घटना के तुरंत बाद आपातकालीन बचाव दल और दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव एवं आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
यह भी पढ़ें: तीसरे बच्चे पर 30000 और चौथे पर 40000 रुपये, CM नायडू ने जनसंख्या बढ़ाने के लिए किया ‘कैश इंसेंटिव’ का ऐलान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को राज्य में घटती जनसंख्या को रोकने के प्रयासों के तहत तीसरे बच्चे के जन्म पर 30,000 रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40,000 रुपये के प्रोत्साहन राशि की घोषणा की। श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि सरकार ने यह निर्णय लिया है और एक महीने के अंदर इसके बारे में विस्तार से जानकारी देगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
