आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी (YSR) के परिवार में पिछले कई सालों से चला आ रहा राजनीतिक और पारिवारिक विवाद एक बार फिर सामने आया है। इस बार टकराव की वजह परिवार में होने वाली दो शादियां हैं। इनमें से एक शादी जगन मोहन रेड्डी की बहन शर्मिला की बेटी की है जबकि दूसरी शादी जगन और शर्मिला के चचेरे भाई वाईएस अनिल रेड्डी की बेटी की है। इन दो शादियों को लेकर जगन और शर्मिला के बीच फिर से टकराव की स्थिति बन गई है।

दरअसल, शर्मिला ने अपनी बेटी की शादी के रिसेप्शन के लिए बेंगलुरु स्थित येलहंका पैलेस को इस्तेमाल करने की परमिशन वाईएस जगन मोहन रेड्डी से की है जिसके लिए जगन रेड्डी ने मना कर दिया है। भाई-बहन के बीच हुई बातचीत का ऑडियो मीडिया में लीक भी हो गया। इससे परिवार में चल रहा विवाद सभी के सामने आ गया।

नए विवाद की पूरी वजह जानिए

ताजा विवाद इसी को लेकर है कि शर्मिला बेटी अंजली की शादी के रिसेप्शन के लिए बेंगलुरु स्थित परिवार के बड़े आवासीय परिसर येलहंका पैलेस की बुकिंग के लिए अनुमति मांग रही हैं। अंजली की हाल ही में NRI एस रघुरामी रेड्डी से सगाई हुई है। उनकी शादी का रिसेप्शन 25 नवंबर को प्रस्तावित है। इसी के लिए शर्मिला येलहंका पैलेस की बुकिंग के लिए परमिशन मांग रही हैं।

जवाब में जगन रेड्डी ने परमिशन नहीं दी

बताया जा रहा है कि जगन ने जवाब में अपनी भतीजी की शादी पर खुशी जताई, लेकिन येलहंका पैलेस में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। उन्होंने इसके पीछे सुरक्षा और निजता से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया। जगन और शर्मिला के बीच हुई बातचीत के मीडिया में लीक होने के बाद यह मामला सार्वजनिक हो गया। परिवार के सूत्रों के मुताबिक, उनकी मां वाईएस विजयलक्ष्मी दोनों भाई-बहनों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन फिलहाल दोनों अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए हैं।

येलहंका पैलेस को लेकर क्या है जगन की चिंता?

शर्मिला की रिक्वेस्ट के जवाब में जगन मोहन रेड्डी ने अनुमति नहीं दी है। परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, येलहंका पैलेस में जगन की पत्नी भारती और उनकी बेटी रहती हैं। उनकी दूसरी बेटी भी विदेश में पढ़ाई पूरी करने के बाद जल्द ही वहां आने वाली हैं। सूत्रों का कहना है कि जगन की चिंता यह है कि उनकी गैरमौजूदगी में पैलेस में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं रह पाएगी। ऐसे में शादी जैसे बड़े आयोजन के लिए परिसर को खोलने और बाहरी एजेंसियों को बुलाने से परिवार की सुरक्षा और निजता प्रभावित हो सकती है।

परिवार के एक सूत्र ने बताया कि जगन की पत्नी भारती और परिवार के अन्य सदस्य भी इस मामले में उनकी चिंताओं से सहमत हैं।

परिवार की दूसरी शादी भी मानी जा रही वजह

जगन और शर्मिला के बीच के मतभेदों की एक वजह परिवार की दूसरी शादी भी मानी जा रही है। दूसरी शादी जगन और शर्मिला के चचेरे भाई वाईएस अनिल रेड्डी की बेटी की है जो 3 से 6 नवंबर के बीच चेन्नई में आयोजित होगी। अनिल रेड्डी, वाईएसआर के भाई वाईएस जॉर्ज रेड्डी के बेटे हैं। वह YSR कांग्रेस पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। उनके परिवार के अफ्रीका में बड़े कारोबारी हित भी बताए जाते हैं।

इस शादी में YSR परिवार के कई सदस्य शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें चचेरे भाई-बहन, चाचा-चाची और परिवार के दूसरे रिश्तेदार शामिल हैं। इनमें से कई एनआरआई भी हैं।

हालांकि, परिवार के कुछ सदस्यों के शर्मिला से मिले बिना ही चेन्नई रवाना होने की बात सामने आई है। इससे परिवार के भीतर उनकी स्थिति को लेकर भी चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि चेन्नई जाने से पहले परिवार के कुछ सदस्यों ने पुलिवेंदुला स्थित YSR परिवार के घर पर बैठक भी की। यह बैठक आंध्र प्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में YSRCP उम्मीदवारों के नामांकन से पहले हुई थी।

अनिल रेड्डी की बेटी की शादी YSR परिवार के लिए एक बड़ा पारिवारिक आयोजन होने जा रही है। इसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय सहित कई बड़े राजनीतिक और कारोबारी हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

वहीं दूसरी तरफ, शर्मिला और उनके पति एम. अनिल कुमार ने भी अपनी बेटी की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटना शुरू कर दिया है। शर्मिला ने इस आयोजन के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत कई बड़े नेताओं को आमंत्रित किया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को भी निमंत्रण भेजा गया है।

हालांकि, येलहंका पैलेस में रिसेप्शन आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में कार्यक्रम को हैदराबाद में शिफ्ट किए जाने की संभावना है।

यह भी पढे़ं: ‘अभी की प्रक्रिया एकतरफा’, आंध्र प्रदेश के पूर्व CM ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में की संशोधन की मांग

YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने रविवार को दावा किया कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े विधेयक पर एनडीए सरकार का समर्थन करना उनकी पार्टी की सबसे बड़ी गलती थी। जगन मोहन रेड्डी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान यह बातें कहीं। यहां पढ़ें पूरी खबर…