आंध्र प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (STR) के तहत अब वोटर वेरिफिकेशन की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) विवेक यादव ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) को इसके निर्देश दिए हैं।
इसके तहत एब्सेंटी, शिफ्टेड, डेड, डुप्लीकेट और अदर्स (ASDDO) कैटेगरी में आने वाले उन मतदाताओं का दोबारा सत्यापन किया जाएगा, जिनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है कि फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी।
घर-घर वोटर वेरिफिकेशन की होगी वीडियो रिकॉर्डिंग
निर्देश के मुताबिक, बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) जब घर-घर जाकर मतदाताओं का दोबारा सत्यापन करेंगे, तो इस पूरी प्रक्रिया के वीडियो भी बनाए जाएंगे। इसमें बीएलओ के अनुभव के साथ-साथ युवा और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं के बयान भी रिकॉर्ड किए जाएंगे।
जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हट गए थे और बाद में नोटिस प्रक्रिया के बाद दोबारा जोड़े गए, उनके मामलों और दावे-आपत्तियों से जुड़ी गतिविधियों की भी वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। इसके अलावा, बीएलओ को दी जाने वाली जानकारी और कॉलेजों में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के लिए चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों को भी रिकॉर्ड किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर रोजाना पोस्ट करने का निर्देश
CEO ने DEO को अपने सोशल मीडिया हैंडल सक्रिय रखने और हर दिन कम से कम दो फोटो और दो वीडियो पोस्ट करने को कहा है। इन पोस्ट में संबंधित मतदान केंद्र, विधानसभा क्षेत्र और जिले का नाम देना होगा। साथ ही सीईओ और चुनाव आयोग (ECI) के आधिकारिक हैंडल को टैग करने तथा ‘नो एलिजिबल वोटर इज लेफ्ट आउट’ टैगलाइन का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है।
8 अक्टूबर से शुरू होगा घर-घर सत्यापन
अधिकारियों के मुताबिक, 8 अक्टूबर से बीएलओ घर-घर जाकर उन मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, जिनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं थे। इनमें 15 जून से 24 जुलाई के बीच हुए एन्यूमरेशन चरण के दौरान दिए गए पते पर नहीं मिले 44,89,512 मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा नोटिस चरण में अयोग्य पाए गए 1,73,071 मतदाताओं के मामलों की भी जांच की जाएगी।
अगर दोबारा सत्यापन के दौरान कोई ऐसा पात्र मतदाता मिलता है, जिसका नाम गलती से ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाया है, तो उसका नाम जोड़ने के लिए उसे फॉर्म 6 भरने में मदद की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, 16 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद भी अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट जाता है या कोई नया व्यक्ति वोट देने के योग्य बनता है, तो वह फॉर्म 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकता है।
16 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
आंध्र प्रदेश में एसआईआर की समयसीमा पहले भी बढ़ाई जा चुकी है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 10 अक्टूबर तक चलेगी और अंतिम मतदाता सूची 16 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। चुनाव आयोग ने लंबित सुनवाइयों और फॉर्म 6, 7 और 8 से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए अतिरिक्त समय दिया है।
इस पूरी प्रक्रिया में वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग के जरिए चुनाव अधिकारी सत्यापन की गतिविधियों का डॉक्यूमेंटेशन करेंगे। वहीं, सोशल मीडिया पर नियमित अपडेट देने के निर्देश का मकसद मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया से जुड़ी गतिविधियों को सार्वजनिक रूप से शेयर करना है।
यह भी पढ़ें: 10 अक्टूबर के CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट, ‘क्रिमिनल बैकग्राउंड’ वाले 2873 लोग रडार पर
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए CJP के प्रदर्शन में शामिल ऐसे 2,873 लोगों को चिन्हित किया है, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
