Punjab News: पंजाब के अमृतसर जिले के भिंडी सैदा पुलिस थाने पर पिछले महीने हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब पुलिस ने सोमवार को दी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन प्राप्त था। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी विदेश में बैठे एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे, जो पंजाब में आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 29 और 30 मार्च की दरमियानी रात को भिंडी सैदा थाना परिसर में हुई थी। हालांकि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ था। डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने फरीदकोट जिला पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर इस मामले को सुलझाया और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से दो पिस्तौल भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलजीत सिंह, प्रभ सिंह, राजबीर सिंह, सुखप्रीत सिंह, अजयदीप सिंह उर्फ गजनी और साहिब सिंह उर्फ सबा के रूप में हुई है। सभी आरोपी अमृतसर जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
मिले थे दो हैंड ग्रेनेड
सीमावर्ती क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक संदीप गोयल ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी बलजीत सिंह और प्रभ सिंह ने घरिंडा क्षेत्र के पास एक स्थान से दो हैंड ग्रेनेड प्राप्त किए थे। इसके बाद आरोपियों ने हमले से पहले इलाके की रेकी की।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहैल कासिम मीर ने बताया कि घटना के दिन बलजीत, प्रभ और राजबीर मोटरसाइकिल से थाना क्षेत्र के पास पहुंचे और वाहन को करीब एक से दो किलोमीटर दूर खेतों में खड़ा कर दिया। इसके बाद वे पैदल थाना परिसर के पिछले हिस्से तक पहुंचे, जहां बलजीत और प्रभ ने ग्रेनेड फेंके, जबकि राजबीर ने पूरी घटना का वीडियो बनाया। हमले के बाद आरोपी करीब तीन से चार घंटे तक गेहूं के खेतों में छिपे रहे।
फरीदकोट से हुई थी पहले दो लोगों की गिरफ्तारी
फरीदकोट की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर पहले दो आरोपियों को फरीदकोट से गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चार अन्य आरोपियों को अमृतसर से पकड़ा गया।
पुलिस ने इस मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और इसके विदेशी संपर्कों की पहचान करने के लिए जांच अभी जारी है।
राघव चड्ढा ने पंजाब के मुद्दों पर वीडियो जारी कर AAP नेताओं को दिया जवाब

राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के हाशिए पर चले गए नेता राघव चड्ढा ने अपने पार्टी सहयोगियों के इस आरोप का खंडन किया है कि उन्होंने संसद में पंजाब के मुद्दों को नहीं उठाया। उन्होंने एक वीडियो जारी किया है जिसमें वह उच्च सदन में पंजाब से संबंधित मामलों का जिक्र करते नजर आ रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…
