केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुगली के आरमबाग में एक जनसभा को संबोधित करते हुए टीएमसी पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि मैं दीदी के गुंडों को कहकर जाता हूं 29 तारीख को घर के बाहर मत निकलना। 29 तारीख को को आरमबाग वालों को परेशान किया तो 5 तारीख के बाद उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे।
अमित शाह ने कहा कि जिन लोगों ने भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हिंसा की है, हमारे कार्यकर्ताओं की जान गई है, वे सभी सुन लें आप बचे नहीं हैं। 5 तारीख के बाद पाताल से भी ढूंढ कर आपको जेल की सलाखों के पीछे भेजेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो पश्चिम बंगाल में “एक भी घुसपैठिए” को प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, और उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में पहले से रह रहे अवैध प्रवासियों को चुन-चुनकर बाहर निकाल दिया जाएगा। शाह ने कहा कि 29 अप्रैल (मतदान के दूसरे चरण) को आपको कमल के चिह्न के सामने वाला बटन दबाना होगा। यह सिर्फ किसी को विधायक बनाने या भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं है। यह बंगाल की धरती को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए है।
वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को मतदान के दिन राज्य में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य अधिकारियों को डराना और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करना था।
मीडिया से बात करते हुए ममता बनर्जी ने दावा किया कि अमित शाह, अधिकारियों को डराने के लिए कोलकाता में बैठे हैं और उन पर केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ स्तर पर उपस्थिति की कमी के कारण भाजपा अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। टीएमसी चीफ ने कहा कि चूंकि भाजपा के पास बूथ एजेंट नहीं हैं, इसलिए वह भाजपा के लिए काम करने वाली एजेंसियों के अधिकारियों को डराने आए हैं।
‘झालमुड़ी मैंने खाई लेकिन झाल TMC को लगी’, पीएम मोदी बोले- चार मई को सभी को बांटी जाएगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बंगाल में एक चुनावी रैली के दौरान घोषणा की कि 4 मई को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव परिणाम घोषित होने पर मिठाइयां और साथ ही झालमुड़ी बांटी जाएगी। पढ़ें पूरी खबर।
