तमिलनाडु में कब तक सरकार का गठन होगा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। अब कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी पर टीवीके चीफ विजय को रोकने के प्रयास करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने अपने पुराने साथी द्रमुक पर भी बीजेपी के प्लान में लिप्त होने का आरोप लगाया।

दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि बीजेपी राज्यपाल के जरिए ऑपरेट कर रही है। राज्यपाल लोगों के जनादेश का सम्मान नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी राज्यपाल के साथ-साथ अन्नाद्रमुक और द्रमुक के जरिए भी ऑपरेट कर रही है।

उन्होंने कहा कि द्रमुक अन्नाद्रमुक के साथ जा रही है और बीजेपी ऑपरेट कर रही है। रिमोट कंट्रोल बीजेपी के पास है। अब अन्नाद्रमुक और द्रमुक साथ आ रहे हैं, तमिलनाडु के लोगों ने इन दोनों पार्टियों को रिजेक्ट कर दिया है और अब ये बीजेपी के आशीर्वाद से गठबंधन करने के लिए साथ आ रहे हैं। डीएमके ने सरेंडर कर दिया है। यह लोगों के जनादेश के खिलाफ है, हम इसके खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

‘अमित शाह विजय को रोकना चाहते हैं’

मणिकम टैगोर इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि तमिलनाडु में हालात तेजी से बदल रहे हैं और अचानक अप्रत्याशित चीजें हो रही हैं। बीजेपी ने तमिलनाडु का कंट्रोल लेना शुरू कर दिया है और जो लोग खुद को बीजेपी के कंट्रोल के बाहर बताते थे, वो भी बीजेपी के कंट्रोल में आ गए हैं। अन्नाद्रमुक ने पहले ही सरेंडर कर दिया है और डीएमके पर बीजेपी ने कंट्रोल कर लिया है।

उन्होंने आगे कहा कि तमिलनाडु में कोई एनडीए नहीं है क्योंकि बीजेपी के पास सिर्फ एक विधायक है। अमित शाह किसी भी कीमत पर विजय को तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ लेने से रोकना चाहते हैं।

वीसीके और वाम दलों को लेकर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीद करती है कि वो बीजेपी का प्लान समझें। तमिलनाडु के लोगों ने अमित शाह के प्लान को रिजेक्ट कर दिया है। अगर द्रमुक और अन्नाद्रमुक के बीच गठबंधन होता है तो यह तमिलनाडु के लिए बहुत विनाशकारी होगा।

यह भी पढ़ें: DMK-AIADMK ने सरकार बनाई तो सभी 107 विधायक दें देंगे इस्तीफा- TVK की चेतावनी

अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) ने गुरुवार शाम चेतावनी दी है कि अगर द्रविड़ पार्टियों में से कोई भी- एमके स्टालिन की डीएमके या ई पलानीस्वामी की एआईएडीएमके तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा करती है, तो पार्टी के सभी विधायक इस्तीफा दे देंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें