केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार की शाम जम्मू पहुंचेंगे और जम्मू के लोक भवन में राजनेताओं से मुलाकात करेंगे। यह जानकारी अधिकारियों ने दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, अमित शाह जम्मू-कश्मीर में तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। शुक्रवार को जम्मू के कुछ फॉर्वर्ड इलाकों का दौरा कर एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा स्थिति का जायजा लेंगे। साथ ही अमित शाह सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों के टॉप अधिकारियों के साथ एक सुरक्षा समीक्षा बैठक भी करेंगे।
शनिवार को जाएंगे श्रीनगर
इसके बाद वे शनिवार को सुरक्षा समीक्षा के लिए श्रीनगर की ओर रवाना होंगे। अधिकारियों ने बताया कि वहां वे मौजूदा विकास परियोजनाओं की प्रगति को देखेंगे और नई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यूनीफाइड हेडक्वार्टर के प्रमुख एलजी मनोज सिंहा भी सुरक्षा समीक्षा की बैठक में शामिल हो सकते हैं।
चल रहा है किश्तवाड़ में ऑपरेशन
ये सुरक्षा समीक्षा बैठक ऐसे समय में हो रही है जब आर्मी किश्तवाड़ इलाके में चतरू के घने बर्फीले पहाड़ों में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों के एक ग्रुप का पता लगाने के लिए अभियान चला रही है। हालांकि बीते कुछ दिनों में सुरक्षा बलों की टीमों ने चार बार इस समूह से मुठभेड़ की है, लेकिन आतंकवादी इलाके की दुर्गमता और घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे हैं।
18 जनवरी को सोन नार इलाके में जैश आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया था। पिछले माह आर्मी ने पीर पंजाल हिल्स के दोनों ओर आंतकियों को खदेड़ने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया था।
पाक ड्रोन के घुसपैठ की आ रही हैं खबरें
बता दें कि हाल ही दिनों में एलओसी और इंटरनेशनल बॉर्डर, विशेष रूप से जम्मू सेक्टर में पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसपैठ की लगातार खबरें आ रही हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पिछले साल सितंबर के बाद यह जम्मू कश्मीर की पहली आधिकारिक यात्रा है। पिछले साल एक सितंबर को अमित शाह ने अमरनाथ यात्रा के बाद सुरक्षा समीक्षा बैठक के लिए जम्मू का दौरा किया था। आगे पढ़िए जनसत्ता संपादकीय: आतंकवाद के खात्मे की राह में कई रोड़े, किश्तवाड़ हमले के बाद उठे कई सवाल
