तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली आयोजित की। इसका नेतृत्व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। उन्होंने यहां मंच से लोगों से कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च में आपका स्वागत करता हूं।
अमित शाह ने यहां सरदार पटेल को नमन किया और कहा, “अगर उस समय सरदार पटेल ने निजाम को झुकने पर मजबूर न किया होता, तो आज हैदराबाद भारत का हिस्सा नहीं होता। वो सरदार पटेल ही थे, जिन्होंने हैदराबाद के निजाम को झुकाकर हैदराबाद को भारत का हिस्सा बनाया, तेलंगाना को भारत का हिस्सा बनाया।”
रामलीला मैदान की रैली का उड़ाया मजाक
मंच से केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, “यहां सड़कों पर हजारों की संख्या में लोग दिख रहे हैं, वहीं कल दिल्ली में भी एक रैली हुई थी, राहुल जी की रैली हुई थी, उन्होंने कहा कि वोट बचाओ रैली है। अरे कांग्रेस वालों ये वोट बचाओ रैली नहीं थी, बल्कि घुसपैठिया बचाओ रैली थी।”
‘कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना चाहती है’
अमित शाह ने कहा, “कांग्रेस पार्टी एसआईआर को रोककर मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना चाहती है। मगर मैं आज कहने आया हूं राहुल और रेवंत रेड्डी जी जितना जोर लगाना है लगा दो भारतीय जनता पार्टी एक-एक घुसपैठिए को मतदाता सूची और देश से बाहर निकाल कर रहेगी। पूरी की पूरी कांग्रेस एंड कंपनी एसआईआर को रोकने में क्योंकि ये जो घुसपैठिए हैं, उनके वोट बैंक हैं। मगर हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मजबूती के साथ एसआईआर के साथ खड़े हैं। इस देश में वही वोट डालेगा, जो इस देश का नागरिक होगा।”
बताए 13 करोड़ कौन से वोट कटे
अमित शाह ने कहा, “राहुल बाबा कहते हैं कि 13 करोड़ वोट काट दिए, ये झूठ बोल रहे हैं। 13 करोड़ वोट में से सवा 6 करोड़ ऐसे हैं, जो दूसरी जगह रहने चले गए हैं। मुझे बताओ कि जो दूसरी जगह रहने चले गए उन्हें दो जगह वोट डालने का अधिकार है क्या, इस पर लोगों ने नहीं में अपना जवाब दिया। 2.8 करोड़ यानी करीब 3 करोड़ लोगों की मृत्यु हो गई। जो है ही नहीं वो वोट आकर कैसे देगा? कांग्रेस पार्टी बोगस वोटिंग कर करके हमेशा जीतती है। एक करोड़ वोट ऐसा है जिसकी डुप्लीकेट एंट्री है। राहुल बाबा के पेट में जो दर्द हो रहा है वो अब आता है तीन करोड़ वोट ऐसे हैं जो हैं ही नहीं। ये बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं।”
आगे उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा, “इन तीन करोड़ घुसपैठियों को राहुल जी कह रहे मत हटाओ, राहुल जी जितना मर्जी जोर लगा लो, एक-एक घुसपैठिए को हम मतदाता सूची से हटाकर रहेंगे।”
‘2014 में क्या मोदी जी SIR की वजह से जीते थे?’
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, “वे कहते हैं कि हम सिर्फ SIR की वजह से जीते। मैं राहुल जी से पूछना चाहता हूँ, 2014 में मोदी जी जीते थे। तब तो कोई SIR नहीं था, है न? तो क्या मोदी जी SIR की वजह से जीते थे? वे तो जनता के वोटों से जीते थे। 2019 में भी मोदी जी जीते। तब भी कोई SIR नहीं था। क्या मोदी जी जीते या नहीं? वे भारत के मतदाताओं की वजह से जीते। 2024 के बाद, हम महाराष्ट्र में सबसे बड़े बहुमत से जीते। हम हरियाणा में सबसे बड़े बहुमत से जीते। 30 साल बाद, हम दिल्ली में जीते। हम बिहार में सबसे बड़े बहुमत से जीते। बंगाल में भी, दीदी की तो राजनीतिक वजूद ही खत्म हो गई है।”
अमित शाह ने कहा, “2024 के बाद, हम महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, बंगाल और असम में जीते हैं, और अब हम तेलंगाना में भी जीतने के लिए तैयार हैं।”
मॉक पार्लियामेंट में तो पीएम बन जाइए- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, “राहुल जी, मेरी बात सुनिए। दो दिन पहले आपने एक मॉक पार्लियामेंट आयोजित की थी। अगर आपने मुझसे पूछा होता, तो मैं आपको यही सलाह देता कि इस मॉक पार्लियामेंट में आप विपक्ष के नेता बनने के बजाय कम से कम एक बार प्रधानमंत्री बन जाते। क्यों? क्योंकि असली संसद में तो आप कभी प्रधानमंत्री बन ही नहीं पाएंगे। कम से कम नकली संसद में प्रधानमंत्री बनकर सोनिया जी के दिल को कुछ तसल्ली तो मिल जाएगी।”
आगे कहा, “राहुल जी, इस तरह से आप चुनाव नहीं जीत सकते। आप देश में तीन-चार महीने बिताते हैं और फिर विदेश चले जाते हैं। आपको देश में रहकर कड़ी मेहनत करनी होगी। आपको लोगों के साथ एकजुट होकर खड़ा होना होगा और उनकी समस्याओं को सुलझाने के लिए काम करना होगा।”
राहुल को दी चर्चा करने की चुनौती
अमित शाह ने कहा, “संविधान की जिम्मेदारियां देश की संसद के माध्यम से पूरी की जाती हैं, लेकिन राहुल जी, आप संसद को चलने ही नहीं देते। मैं आज हैदराबाद की धरती से आपको चुनौती देता हूं। हम संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं। आइए और चर्चा में हिस्सा लीजिए। लेकिन वे चर्चा में हिस्सा नहीं लेंगे, क्योंकि वे जानते हैं कि अराजकता और अव्यवस्था के जरिए ही कांग्रेस पार्टी खुद को सुर्खियों में बनाए रख सकती है। अगर संसद चलती है, तो हमारे मोदी जी उनके तर्कों को पूरी तरह से ध्वस्त कर देंगे।”
यह भी पढ़ें: ‘हम मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार से नफरत नहीं करते…’, रामलीला मैदान में बोले राहुल गांधी- लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ में 20 से अधिक दल शामिल थे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि देशद्रोह के लिए ज्ञानेश कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
