केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 10 अप्रैल 2026 को बंगाल में बीजेपी का संकल्प पत्र जारी किया। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में युवाओं, महिलाओं और सरकारी कर्मचारियों को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया, जिसमें उनसे टीएमसी से निष्कासित और आम जनता उन्नयन पार्टी के चीफ हुमायूं कबीर को लेकर सवाल पूछा गया था। दरअसल हुमायूं कबीर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कथित तौर पर एक हजार करोड़ रुपये की डील की बात कर रहे हैं।
बाबरी बनाने वालों के साथ बीजेपी कभी नहीं कर सकती गठबंधन- अमित शाह
हुमायूं कबीर से जुड़े सवाल पर अमित शाह ने कहा कि बीजेपी पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने वाले किसी व्यक्ति के साथ गठबंधन करने के बजाय विपक्ष में बैठना पसंद करेगी। टीएमसी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने ममता बनर्जी सरकार को गिराने के लिए हुमायूं कबीर को पैसे दिए। इसके जवाब में अमित शाह ने कहा, “ममता जी 2,000 वीडियो बना सकती हैं। हुमायूं कबीर और BJP साउथ पोल और नॉर्थ पोल की तरह हैं। हम कभी एक नहीं हो सकते। BJP बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने वालों के साथ कभी गठबंधन नहीं करेगी। हम 20 साल तक विपक्ष में बैठना पसंद करेंगे।”
हुमायूं कबीर को लेकर क्या विवाद है?
हुमायूं कबीर को लेकर विवाद पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले एक कथित स्टिंग वीडियो के सामने आने के बाद शुरू हुआ। टीएमसी नेताओं द्वारा शेयर की गई क्लिप में कथित तौर पर कबीर एक बड़ी फाइनेंशियल डील पर चर्चा करते हुए और भारतीय जनता पार्टी के साथ संबंधों का दावा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्हें कथित तौर पर अल्पसंख्यक वोटिंग पैटर्न को प्रभावित करने की स्ट्रेटेजी के बारे में बात करते हुए भी सुना जा सकता है। वीडियो में कबीर को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि प्लान को पूरा करने के लिए 1,000 करोड़ रुपये की डील के एडवांस के तौर पर 200 करोड़ रुपये मिले हैं।
हुमायूं कबीर ने क्या कहा?
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने हुमायूं कबीर की पार्टी से गठबंधन तोड़ लिया है। हालांकि हुमायूं कबीर ने वीडियो को फर्जी और एआई जेनरेटेड बताया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से उनकी आखिरी बार 2019 में मुलाकात हुई थी। इसके बाद से कोई संपर्क नहीं है। हुमायूं कबीर ने टीएमसी को चुनौती दी कि अगर 2019 के बाद उनके किसी भी भाजपा नेता के साथ कोई फोटो या वीडियो हो तो सामने लाएं। हुमायूं कबीर ने कहा कि ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, कुणाल घोष और फ़िरहाद हकीम ने मिलकर साजिश रची है। उन्होंने कहा कि यह लोग मुझसे सीधे नहीं लड़ सकते इसलिए एआई का सहारा ले रहे हैं। हुमायूं कबीर ने कोर्ट में मानहानि का मुकदमा करने की भी धमकी दी है।
(यह भी पढ़ें- BJP West Bengal Manifesto 2026: महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये)
बीजेपी के घोषणापत्र में पश्चिम बंगाल की महिलाओं और बेरोजगारों को हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक मदद का वादा किया गया है। पढ़ें पूरी खबर
